इंग्लैंड के खिलाफ हेमिल्टन में न्यूजीलैंड की टीम शनिवार (14 दिसंबर) से तीसरा टेस्ट मैच खेलने उतरेगी तो उसकी निगाहें क्लीन स्वीप से बचने पर होगी। यह इंग्लैंड और न्यूजीलैंड का 2024 में आखिरी टेस्ट होगा। इसके साथ दिग्गज खिलाड़ी टिम साउदी का क्रिकेट करियर समाप्त हो जाएगा। साउदी ने श्रीलंका दौरे पर न्यूजीलैंड के खराब प्रदर्शन के बाद कप्तानी छोड़ी थी। अब वह आखिरी टेस्ट खेलने को तैयार हैं।

टिम साउदी का यह 107 वां टेस्ट मैच होगा। उनसे ज्यादा केवल 3 कीवी खिलाड़ियों ने टेस्ट मैच खेले हैं। रॉस टेलर और डेनियल विटोरी ने सबसे ज्यादा 112-112 टेस्ट खेले हैं। स्टीफन फ्लेमिंग ने 111 टेस्ट खेले हैं। साउदी के पास अपने आखिरी टेस्ट को यादगार बनाने का मौका होगा। वह न्यूजीलैंड के लिए दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

टिम साउदी 400 विकेट के करीब

टिम साउदी को टेस्ट क्रिकेट में 400 विकेट पूरा करने के लिए 11 विकेट चाहिए। उन्होंने 106 मैच की 201 पारी में 389 विकेट लिए हैं। न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड रिचर्ड हेडली के नाम है। उन्होंने 86 मैच की 150 पारी में 431 विकेट लिए हैं। डेनियल विटोरी तीसरे नंबर पर हैं। उनके नाम 112 टेस्ट की 185 पारी में 361 विकेट हैं।

100 छक्कों से 5 छक्के दूर

टिम साउदी को गेंदबाजी के लिए जाना जाता है, लेकिन वे बड़े हिट लगाने में भी माहिर हैं। यह वजह है कि उनका टेस्ट क्रिकेट में बल्लेबाजी औसत 15.52 है, लेकिन सबसे ज्यादा छक्के लागने वाले बल्लेबाजों की सूची में वह छठे नंबर पर हैं। उनके 154 पारियों में 95 छक्के हैं। जैक कैलिस के 97, क्रिस गेल के नाम 98, एडम गिलक्रिस्ट के नाम 100, ब्रेंडन मैकुलम के नाम 107 और बेन स्टोक्स के नाम 133 छक्के हैं।

इंग्लैंड ने प्लेइंग 11 घोषित की

इंग्लैंड ने तीसरे टेस्ट के लिए प्लेइंग 11 घोषित कर दी है। बेन स्टोक्स ने एक बदलाव किया है। क्रिस वोक्स की जगह मैथ्यू पॉट्स को मौका मिला। इंग्लैंड की टीम पहले ही सीरीज 2-0 से अपने नाम कर चुकी है। वह कीवी टीम का क्लीन स्वीप करना चाहेगी। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।