दलीप ट्रॉफी के पहले क्वार्टर फाइनल के दूसरे दिन शुक्रवार (29 अगस्त) को ईस्ट जोन ने नॉर्थ जोन को 405 रन पर आउट कर दिया। बाएं हाथ के स्पिनर मनीषी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट झटके। झारखंड के जमशेदपुर के 21 साल के इस खिलाड़ी ने सभी विकेट एलबीडब्ल्यू करके लिए। उन्होंने 22.2 ओवर में 111 रन देकर 6 विकेट लिए।
मनीषी ने पहले दिन 3 विकेट लिए थे। उन्होंने अंकित कुमार 30, शुभम खजुरिया 26 और यश ढुल 29 को आउट किया था। दूसरे दिन उन्होंने अपनी दूसरी गेंद पर आकिब नबी 44 को आउट किया था। इसके बाद हर्षित राणा 7 को आउट करके अपना 5वां विकेट लिया। कन्हैया वधावन 76 को आउट करके उन्होंने नॉर्थ जोन की पारी को समेटा।
रंगना हेराथ के फैन हैं मनीषी
मनीषी का यह 9वां प्रथम श्रेणी मैच है। क्रिकइंफो के अनुसार वह एक मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं और झारखंड के जमशेदपुर में पले-बढ़े हैं। वह कई कोचिंग एकेडमी में गए। शुरुआत में वह बल्लेबाज थे। डेनियल विटोरी, रंगना हेराथ और रविंद्र जडेजा के वीडियो देखकर उन्हें बाएं हाथ की स्पिन की कला में रुचि पैदा हुई। हेराथ की तरह उनका एक्शन है, जिनके वे फैन हैं। मनीषी की खासियत अपनी गेंद की गति को नियंत्रित करना है। वह मिस्ट्री के बजाय गति में बदलाव और विविधता पर भरोसा करते हैं।
Duleep Trophy: दानिश मालेवार ने दोहरा शतक ठोक रचा इतिहास, केवल 16 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की
चेतेश्वर पुजारा का विकेट लिया
ड्रिफ्ट की वजह से मनीषी को बड़ा विकेट मिला था। नवंबर 2024 में रणजी ट्रॉफी में झारखंड का मुकाबला सौराष्ट्र से हो रहा था। मनीषी ने अपने 5वें प्रथम श्रेणी मैच में फॉरवर्ड शॉर्ट लेग पर चेतेश्वर पुजारा को बैट पैड कैच कराया था। मनीषी 20 साल के थे जब उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया था, लेकिन झारखंड की टीम में सीनियर खिलाड़ी शाहबाज नदीम और अनुकूल रॉय की मौजूदगी के कारण उन्हें अपना दूसरा मैच खेलने में लगभग दो साल लग गए। वह 2020 अंडर-19 विश्व कप में भी जगह बनाने के करीब पहुंच गए थे, लेकिन असफल रहे।
मनीषी का रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन
नदीम के रिटायर होने के बाद मनीषी को मौका मिला और वे 2024-25 रणजी ट्रॉफी में झारखंड के दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। उन्होंने 11 पारियों में 27.22 के औसत से 22 विकेट लिए। इस वजह से उन्हें दलीप ट्रॉफी के लिए ईस्ट जोन टीम में जगह मिली।