Wriddhiman Saha Happy B’Day: ऋद्धिमान साहा आज अपना 35वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस उम्र में भी वे कितने फिट हैं, इसका उदाहरण उन्होंने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खत्म हुई टेस्ट सीरीज में दिया था। उन्होने चोट के कारण लंबे समय बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी की थी, लेकिन कई ऐसे कैच पकड़े जिसे देखकर फैंस ने दांतों तले अंगुलिया दबा लीं थीं।
एक कैच तो उन्होंने ऐसा पकड़ा था, जिसे देखकर कप्तान विराट कोहली काफी हक्के-बक्के रह गए थे। उन्होंने कैच पकड़ने के बाद साहा को काफी देर तक गले लगाए रखा था। जी हां, हम पुणे टेस्ट की बात कर रहे हैं। तब सोशल मीडिया पर उन्हें सुपर मैन, हवाई जहाज और बर्ड तक की संज्ञा दे डाली थी।
विकेट के पीछे जिस चपलता और फुर्ती से वे अपना काम कर रहे थे, उसे देखकर कोई सोच नहीं सकता था कि क्रिकेट इस इंसान का पहला प्यार हो सकता है। चौंकिए नहीं, यह सच है। साहा का सपना एक क्रिकेटर नहीं, बल्कि फॉर्मूला वन ड्राइवर बनने का था। लेकिन पैसों की तंगी और किस्मत ने उन्हें आज दुनिया के बेहतरीन विकेटकीपरों की सूची में शामिल कर दिया है।
साहा का क्रिकेटर और विशेषकर विकेटकीपर बनना बिल्कुल किस्मत का खेल लगता है। दरअसल, साहा ने जब फॉर्मूला वन ड्राइवर छोड़कर क्रिकेटर बनने का फैसला किया तो शुरुआत तेज गेंदबाज के तौर पर की। वे टेनिस बॉल से तेज गेंदबाजी करते थे। हालांकि, जब लेदर गेंद मिली तो विकेटकीपिंग में हाथ आजमाने शुरू कर दिए।
पश्चिम बंगाल के शक्तिगढ़ में 24 अक्टूबर 1984 को जन्में साहा लवस्टोरी भी बहुत दिलचस्प है। उनकी अपनी पत्नी देबारती से ऑरकुट पर मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों ने एकदूसरे को 4 साल तक डेट किया। बाद में 2011 में साहा और देबारती शादी के बंधन में बंध गए।
साहा ने 2010 में नागपुर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ डेब्यू किया था। तब उन्हें टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका मिलने की उम्मीद नहीं थी। हालांकि, पहले टेस्ट में ही वीवीएस लक्ष्मण चोटिल हो गए। लक्ष्मण की जगह लेने वाले रोहित शर्मा भी बाद में चोटिल हो गए। इसके बाद साहा को इंडियन कैप पहनने का मौका मिला।