ओलंपिक चैंपियन (Olympic Champion) भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा (Neeraj Chopra) ने शुक्रवार देर रात दोहा (Doha) में पहले चरण में आसान जीत के साथ अपने डायमंड लीग (Diamond League) खिताब के बचाव की शुरुआत की। उन्होंने अपने करियर का चौथा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

25 साल के नीरज चोपड़ा ने अपनी शैली में सीजन की शुरुआत करते हुए 88.67 मीटर का थ्रो किया। नीरज चोपड़ा ने पिछले सितंबर में स्विट्जरलैंड में 2022 डायमंड लीग फाइनल ट्रॉफी जीती थी। डायमंड लीग मीट में नीरज चोपड़ा की यह दूसरी जीत है। वह पिछले साल लुसाने में डायमंड लीग मीट जीतने वाले पहले भारतीय बने थे।

नीरज चोपड़ा ने अपने पहले ही प्रयास में 88.67 मीटर का थ्रो किया, जो उनके करियर का चौथा सर्वश्रेष्ठ प्रयास है। उन्होंने कतर स्पोर्ट्स क्लब में अपनी दूसरी उपस्थिति में इवेंट जीतने के लिए अंत तक बढ़त बनाए रखी। नीरज चोपड़ा हालांकि, अपने पहले प्रयास की लय को बरकरार नहीं रख पाए। उनका चौथा प्रयास फाउल रहा। उससे पहले वह भाले को 86.04 मीटर और फिर 85.47 मीटर तक ही भेज पाए।

नीरज चोपड़ा ने 2018 में दोहा में फेंका था 87.43 मीटर दूर भाला

नीरज चोपड़ा ने अपने पांचवें और छठे प्रयास में क्रमशः 84.37 मीटर और 85.62 मीटर की दूरी तय की। नीरज चोपड़ा का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 89.94 मीटर है। भारतीय सुपरस्टार ने 2018 में यहां अपनी पहली उपस्थिति में 87.43 मीटर का थ्रो किया था। तब वह चौथे स्थान पर रहे थे। नीरज चोपड़ा ने 2022 विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था।

चेक गणराज्य के जैकब वडलेज्च ने जीता रजत पदक

रजत पदक विजेता चेक गणराज्य के जैकब वडलेज्च ने अपने दूसरे प्रयास में 88.63 मीटर का थ्रो फेंका। उनका यह प्रयास नीरज चोपड़ा से 4 सेंटीमीटर कम था। वडलेज्च ने टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीता था। जैकब वडलेज्ज ने पिछले साल दोहा डायमंड लीग में भी 90.88 मीटर थ्रो कर रजत पदक जीता था। मौजूदा विश्व चैंपियन ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स मामूली अंतर से तीसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 85.88 मीटर का थ्रो किया। एंडरसर्न पीटर्स ने पिछले साल दोहा में 93.07 मीटर के थ्रो के साथ प्रतियोगिता अपने नाम की थी।

अगली बार मैं और दूर थ्रो करूंगा: नीरज चोपड़ा

जीत के बाद नीरज चोपड़ा ने कहा, यह बहुत कठिन जीत थी, लेकिन मैं खुश हूं। यह मेरे लिए वाकई अच्छी शुरुआत है। मुझे उम्मीद है कि मैं अगली प्रतियोगिताओं में पहले स्थान पर आऊंगा और इस सीजन के दौरान निरंतरता बनाए रखूंगा। यह सभी एथलीट्स के लिए चुनौतीपूर्ण था, लेकिन मैं अभी अपने परिणाम से संतुष्ट हूं। बहुत अच्छा माहौल है। आज का दिन चुनौतीपूर्ण था। अगली बार मैं और दूर थ्रो करूंगा।

मैं भाग्यशाली हूं कि लोगों को मुझ पर भरोसा है: नीरज चोपड़ा

भविष्य की योजना पर बोलते हुए नीरज चोपड़ा ने कहा, इस सीजन मैं फिट रहूंगा। मैं अगली प्रतियोगिताओं में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगा। मैं फिट रहने और जितना हो सकता है उससे अधिक करने की योजना बनाता हूं। बहुत सारे लोग मेरे समर्थन में आए और वे वास्तव में खुश हैं। कभी-कभी यह वास्तव में कठिन होता है क्योंकि मेरे देश के करोड़ों लोगों की मुझसे उम्मीदें हैं। अब मेरे देश के अधिक एथलीट मेरे साथ डायमंड लीग और अन्य प्रतियोगिताओं में शामिल होते हैं। मैं भाग्यशाली हूं कि लोगों का मुझ पर विश्वास है, मुझे वास्तव में अच्छा लग रहा है।