दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में जारी विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में आवारा कुत्तों का आतंक देखने को मिला है। शुक्रवार रात यह जानकारी सामने आई थी कि स्टेडियम के अंदर घुसे कुत्ते ने केन्या और जापान के कोच को काटा है। उसके बाद जानकारी मिली की कुत्ते ने सिक्योरिटी गार्ड को भी काटा है। आधे घंटे के अंदर कुत्ते ने तीन लोगों को नुकसान पहुंचाया। सभी को तत्काल इलाज मुहैया करवाया गया। उसके बाद सफदरजंग में एंटी रैबीज वैक्सीन भी दी गई।

दो विदेशी कोच शिकार

इस पूरे मामले पर केन्या टीम की डॉक्टर माइकल ओकारो ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा कि, कुत्तों के काटने के मामले बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने बताया कि, ‘केन्या के स्पिरिट कोच डेनिस मवांजो और जापान की असिस्टेंट कोच मीको ओकुमातसु को शुक्रवार की सुबह कुत्ते ने काटा था। सुबह तकरीबन 9.30 बजे यह मामला सामने आया। इसके बाद डेनिस को सफदरजंग ले जाया गया और रेबीज की वैक्सीन दी गई। विश्व चैंपियनशिप जैसे अंतर्राष्ट्रीय इवेंट में ऐसा होना चिंता का विषय है। हमें अभी डेनिस की इस वक्त चिंता है।’

जानकारी के मुताबिक कुछ ही मिनटों के अंदर जापान की कोच को काटने का भी मामला सामने आ गया। आयोजक समिति ने इस मामले में लोगों को जिम्मेदार ठहराया जो स्ट्रीट डॉग्स को खिलाते-पिलाते हैं। वहीं आयोजक समिति के व्हाट्सऐप ग्रुप पर आई जानकारी के मुताबिक ग्रुप पर मैसेज आया कि,’30 मिनट के अंदर तीन डॉग बाइट, जापान, केन्या कोच और सिक्योरिटी गार्ड। कृपया कुत्तों को बाहर निकाला जाए।’

आयोजक समित के अनुसार पहला मामला केन्या के डेनिस का आया जिनके बाएं पैर में कुत्ते ने काटा। यह तकरीबन सुबह 9.18 मिनट की बात थी। उसके बाद 9.42 मिनट के करीब जापान की मवांजो के दाहिने पैर में कुत्ते ने काटा। इसी दौरान सिक्योरिटी गार्ड पर भी हमला हुआ था।

MCD ने लिया एक्शन

शुक्रवार को इस मामले के सामने आने के बाद दिल्ली एमसीडी ने एक्शन लिया है। इसके तहत दो स्ट्रीट डॉग्स पकड़ने वाली टीम नियुक्त की गई हैं। इन टीमों को तत्काल प्रभाव से स्टेडियम के अंदर तैनात किया गया है। जबकि स्ट्रीट डॉग्स को भगाने व उन्हें शेल्टर होम ले जाने के लिए वाहन को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है।