दिल्ली पुलिस ने गुरुवार यानी 14 अप्रैल को स्टार बॉक्सर मैरी कॉम को चौंका दिया। दरअसल, गुरुवार को मैरी कॉम के बेटे का बर्थडे था। दिल्ली पुलिस की एक टीम केक लेकर उनके घर पहुंच गई। मैरी कॉम इसे देखने के बाद हैरान रह गईं। दिल्ली पुलिस को पता चला कि 6 बार वर्ल्ड चैंपियन बन चुकी इस महान बॉक्सर के सबसे छोटे बेटे प्रिंस का बर्थडे है, लेकिन वह लॉकडाउन की वजह से केक का इंतजाम नहीं करवा सकतीं तो पूरी टीम केक लेकर उनके घर पहुंच गई।
मैरी कॉम ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, ‘‘मेरे छोटे बेटे प्रिंस कॉम के बर्थडे को बहुत ही खास बनाने के लिए डीसीपी नई दिल्ली को धन्यवाद। आप सभी लोग सच में फ्रंटलाइन वॉरियर्स हैं, आपके समर्पण और प्रतिबद्धता के लिए मैं आप सभी को सलाम करती हूं।’’ मैरी कॉम ने इस ट्वीट में दिल्ली पुलिस कमिश्नर, दिल्ली पुलिस और लेफ्टिनेंट गवर्नर को भी टैग किया।
मैरी कॉम छह बार वर्ल्ड चैंपियन बनने वाली इकलौती महिला बॉक्सर हैं। इसके साथ ही वे इकलौती बॉक्सर हैं जिन्होंने अपने सभी सात वर्ल्ड चैंपियनशिप में मेडल जीते। फुटबॉलर करुंग ओनकोलर के साथ शादी करने के बाद वे तीन बच्चों की मां बनीं। इसके बाद भी उन्होंने बॉक्सिंग को जारी रखा। मैरी कॉम 2007 में जुड़वा बच्चों की मां बनी थीं। इसके बाद 2013 में उन्होंने एक बच्चे को जन्म दिया। वे मां बनने और 37 साल की होने के बावजूद दुनिया की बेस्ट बॉक्सर मानी जाती हैं। वे एशियन गेम्स (2014) में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बॉक्सर थीं। इसके बाद उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स (2018) में गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।
Thank you @DCPNewDelhi for making this birthday so special for my younger son Prince Kom.
You all are real frontline warriors, i salute you all for your dedication and commitment.@CPDelhi @DelhiPolice @LtGovDelhi @pragya_92 pic.twitter.com/5LOcEN3CH8
— Mary Kom OLY (@MangteC) May 14, 2020
मैरी कॉम ने इससे पहले भी दिल्ली पुलिस के काम की तारीफ की थी। उन्होंने ट्वीट कर पुलिस को सलाम किया था। 27 अप्रैल 2020 को उन्होंने पूरे देश के फ्रंटलाइन वर्कर की जमकर तारीफ की थी, जो दूसरे लोगों की जान बचाने के लिए अपने जान को खतरे में डाल रहे हैं। उन्होंने देश के लोगों को नसीहत देते हुए कहा था, ‘‘अगर आप अपनी सेहत का ख्याल नहीं रख रहे हैं तो इसमें आपका ही नुकसान है।’’
