वेदांता और प्यूमा के तत्वावधान में 15 अक्टूबर को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इस हाफ मैराथन को तीन हिस्सों में बांटा गया है। दिल्ली रन (लगभग 4.5 किमी), सीनियर सिटीजन रेस (लगभग 2.5 किमी) और चैंपियंस विद डिसेबिलिटी रन (लगभग 2.5 किमी) के लिए 30 सितंबर 2023 की रात 11:59 बजे तक रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है। विजेताओं को 268000 अमेरिकी डॉलर (करीब सवा दो करोड़ रुपए) की इनामी राशि दी जाएगी।

रजिस्ट्रेशन करने वाले सभी प्रतिभागियों को एक विशेष रेस डे टी दी जाएगी। इसके अलावा शीर्ष 500 पुरुष और 500 महिला धावकों को खास तरह की फिनिशर टी दी जाएगी। इस खास किट का अनावरण भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार क्रिकेटर हरलीन देओल ने किया। हरलीन बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों 2022 में रजत पदक जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा थीं।

हरलीन देओल ने कहा, “ मेरे लिए रनिंग करना ही सब कुछ है। हमारा खेल भी पूरी तरह से दौड़ने पर ही आधारित है और इस मामले में वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन एक बेहतरीन पहल है। यह इवेंट काफी लोगों को प्रेरणा देती है। इस आयोजन के माध्यम से महिलाओं ने बाधाओं को तोड़ा है और वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन में निर्णय लेने वालों में अधिकतर महिलाएं ही शामिल हैं। यह अपने आप में बहुत कुछ बयां करता है।”

इस मैराथन को 15 अक्टूबर के दिन जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता डेनियल एबेन्यो और रियो ओलंपिक की स्वर्ण पदक विजेता अल्माज अयाना के साथ हजारों धावक इस रेस में उनके साथ दौड़ेंगे। अंतर्राष्ट्रीय इवेंट एंबेसडर और दो बार के ओलंपिक चैंपियन एश्टन ईटन की मौजूदगी में ये धावक प्रतिस्पर्धा करेंगे।