Delhi Half Marathon: दिल्ली हाफ मैराथन में 16 अक्टूबर 2022 को भारतीय खिलाड़ियों में जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला और आखिर में फोटो फिनिश से विजेता का चुनाव करना पड़ा। भारतीय वर्ग में स्टीपल चेज के एथलीट अविनाश साबले (एक घंटा 3 मिनट 58:96 सेकंड) और कार्तिक कुमार (एक घंटा 3 मिनट 59 सेकंड) ने पहले दो स्थान हासिल किए। दोनों ने लगभग 64 मिनट का समय निकाला।

इसके बाद भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (AFI) की तकनीकी समिति ने वीडियो फुटेज देखने के बाद अविनाश साबले को विजेता घोषित किया। श्रीनु बुगाथा (एक घंटा 5 मिनट 25 सेकंड) तीसरे स्थान पर रहे।

संजीवनी यादव ने एक घंटा 17 मिनट 53 सेकंड का समय लेकर भारतीय महिलाओं में उम्मीद के मुताबिक पहला स्थान हासिल किया। मोनिका अथारा और प्रीति लांबा 1:18:39 घंटे और 1:19:06 घंटे के समय साथ क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।

वहीं, इथियोपिया के चाला रेगासा और केन्या की इरिन चेप्टाई ने अपनी ख्याति के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए क्रमश: पुरुष और महिला वर्ग की दौड़ जीती। रेगासा ने पुरुष वर्ग में एक घंटे 30 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

चेप्टाई ने एक घंटे 6 मिनट 42 सेकंड के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ महिलाओं में शीर्ष स्थान हासिल किया। 25 साल के रेगासा ने तीन एथलीट्स के बीच चली जंग में बाजी मारी। उन्होंने केन्या के फेलिक्स किपकोच और इथियोपिया के बोकी डिरिबा को पीछे छोड़ा। किपकोच और डिरिबा क्रमश: 1:00:33 और 1:00:34 का समय लेकर दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

चाला रेगासा ने बाद में कहा, ‘आखिर के दो किलोमीटर काफी मुश्किल भरे थे, लेकिन मैं जानता था कि मेरे पास अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ने के लिए पर्याप्त तेजी है, क्योंकि कम दूरी की दौड़ में मेरा अच्छा रिकॉर्ड है।’

महिलाओं की दौड़ में हालांकि आधी दौड़ पूरी होने के बाद चेप्टाई का दबदबा रहा। उन्होंने 12 किलोमीटर के बाद बढ़त बनाई और इसके बाद कोई भी अन्य खिलाड़ी उन्हें चुनौती देने की स्थिति में नहीं दिखी।

उन्होंने एक सेकंड से अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में सुधार किया। इथोपिया की डाविट सीयूम और युगांडा की स्टेला चेसांग महिलाओं की दौड़ में दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। उन्होंने क्रमश: 1:08:02 घंटे और 1:08:11 घंटे का समय निकाला।