Sagar Dhankar Killing Case News:
दिल्ली की एक अदालत ने बुधवार 12 अक्टूबर 2022 को दो बार के ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार और 17 अन्य के खिलाफ छत्रसाल स्टेडियम हत्या मामले में आरोप तय किए। इससे अब उनके मामले की सुनवाई शुरू हो जाएगी। अदालत ने फरार चल रहे दो आरोपियों पर भी आरोप तय किए हैं। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश शिवाजी आनंद ने सुशील कुमार और अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत आरोप तय किए, जिसमें हत्या, हत्या की कोशिश, दंगा करने और आपराधिक साजिश संबंधित मामले शामिल हैं। विस्तृत आदेश का इंतजार है।
सुशील कुमार और अन्य पर कथित ‘प्रॉपर्टी विवाद’ में 4 मई 2021 को शहर के छत्रसाल स्टेडियम के पार्किंग क्षेत्र में जूनियर राष्ट्रीय कुश्ती के पूर्व चैंपियन सागर धनखड़ और उनके दोस्तों से कथित रूप से मारपीट का आरोप है। ‘पोस्टमॉर्टम’ रिपोर्ट के अनुसार चोटों के कारण सागर धनखड़ की मौत हो गई थी। दिल्ली पुलिस ने 23 मई को सुशील कुमार को गिरफ्तार किया था। दो जून 2021 से वह न्यायिक हिरासत में है।
सागर धनखड़ हत्याकांड टाइमलाइन
- साल 2021
- 4-5 मई: छत्रसाल स्टेडियम के अंदर 18 आरोपियों ने जूनियर पहलवानों के साथ मारपीट की। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की।
- 23 मई: लगभग 20 दिनों तक फरार रहने के बाद सुशील कुमार को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
- 6 अगस्त: दिल्ली पुलिस ने सुशील कुमार और उनके सहयोगियों के खिलाफ हत्या, अपहरण और आपराधिक साजिश के आरोप में आरोप पत्र दायर किया।
- 4 अक्टूबर: सुशील कुमार ने जमानत के लिए अदालत में अर्जी दी।
- 5 अक्टूबर: ओलंपियन सुशील कुमार के खिलाफ प्रथमदृष्टया साक्ष्य के आधार पर अदालत ने जमानत याचिका खारिज कर दी।
- साल 2022
- 4 फरवरी: सुशील कुमार ने दिल्ली उच्च न्यायालय में नई जमानत याचिका दायर की।
- 15 फरवरी: दिल्ली हाई कोर्ट में एक याचिका दाखिल की गई। याचिका में गवाहों की सुरक्षा के लिए मामले को रोहिणी अदालत से स्थानांतरित करने की मांग की गई थी।
- 02 मई: दिल्ली हाई कोर्ट ने मामले को स्थानांतरित करने का फैसला किया। दिल्ली पुलिस ने अदालत और उसके आसपास गवाहों की सुरक्षा बढ़ा दी।
- 01 अक्टूबर: रोहिणी कोर्ट ने एफएसएल रिपोर्ट लंबित मामले पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया।
- 04 अक्टूबर: दिल्ली पुलिस को अंततः एफएसएल रिपोर्ट प्राप्त हुई और वह रिपोर्ट के आधार पर एक पूरक चार्जशीट दाखिल करेगी।
