Gay Marriage: वुमन्स प्रीमियर लीग 2023 में दिल्ली कैपिटल्स (DELHI CAPITALS) की ऑलराउंडर ऑस्ट्रेलिया की जेस जोनासेन ने अपनी पार्टनर सारा गुडरहम से समलैंगिक विवाह किया है। जेस जोनासेन ने इस बात की सूचना इंस्टाग्राम के जरिए अपने फैंस से साझा की। जेस जोनासेन ने सारा गुडरहम के साथ शादी की तस्वीरों को इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा, आश्चर्य हो रहा है। तीसरी बार लकी साबित हुई। आखिरकार 6 अप्रैल 2023 को मैंने अपनी सबसे अच्छे दोस्त से शादी कर ली। इस दिन का मेरे दिल में हमेशा एक खास स्थान रहेगा।
जेस जोनासेन की पार्टनर सारा गुडरहम के साथ फरवरी 2018 में ही सगाई हो गई थी। इस जोड़े ने मई 2020 में शादी करने की योजना बनाई थी, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण उन्हें फैसला टालना पड़ा था। हालांकि, जेस जोनासेन का सपना सच हो गया है। जेस जोनासेन क्रिकेट के साथ-साथ गिटार भी बजाती हैं। वुमन्स प्रीमियर लीग (Women’s Premier League) में उनकी टीम साथी जेमिमा रोड्रिग्ज भी बहुत बढ़िया गिटार बजाती हैं। जेस जोनासेन ने वुमन्स प्रीमियर लीग में 9 मैच में 9 विकेट लिए थे और 79 रन बनाए थे।
वुमन्स प्रीमियर लीग 2023 में जेस जोनासेन की दिल्ली कैपिटल्स और हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस के बीच फाइनल हुआ था। मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 7 विकेट से हराकर वुमन्स प्रीमियर लीग के उद्घाटन संस्करण का चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।
मार्च की शुरुआत में डेनियल वॉट ने की थी अपनी गर्लफ्रेंड से सगाई
मार्च 2023 की शुरुआत (3 मार्च) में इंग्लैंड की स्टार महिला क्रिकेटर डेनियल वॉट ने लंबे समय तक डेट करने के बाद अपनी गर्लफ्रेंड जॉर्जी हॉज से सगाई की थी। जॉर्जी हॉज पेशे से फुटबॉल एजेंट हैं। वह सीएए बेस की फुटबॉल महिला टीम की प्रमुख हैं। दोनों 2019 यानी पिछले 4 साल से रिलेशनशिप में थीं। जेस जोनासेन, डेनियल वॉट के अलावा अन्य और भी कई फीमेल क्रिकेटर्स हैं, जिन्होंने किसी महिला को ही अपना जीवनसाथी चुना है।
एलेक्स ब्लैकवेल और लिंसे एस्क्यू
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर एलेक्स ब्लैकवेल ने 8 साल तक डेटिंग करने के बाद 2015 में इंग्लैंड की लिंसे एस्क्यू से शादी की थी। एलेक्स ब्लैकवेल ने 2013 में सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था कि वह समलैंगिक हैं। एलेक्स ब्लैकवेल और लिंसे एस्क्यू दोनों ने अपने-अपने देश की क्रिकेट टीमों का प्रतिनिधित्व किया। एलेक्स ब्लैकवेल ने कुछ मौकों पर ऑस्ट्रेलिया का नेतृत्व भी किया।
एमी सैटरवेट और ली ताहुहू
न्यूजीलैंड की एमी सैटरवेट और ली ताहुहू ने 2017 में शादी की थी। एमी सैदरवेट बाएं हाथ की बैटर हैं, जबकि ताहुहू एक बेहतरीन राइट आर्म स्पीडस्टर हैं। उनकी एक बेटी भी है जिसका नाम ग्रेस मैरी सैदरवेट है। सैदरवेट ने 13 जनवरी 2020 को बेटी को जन्म दिया था।
डेन वैन नीकेर्क और मारिजान कैप
दक्षिण अफ्रीका की महिला क्रिकेट टीम की कप्तान डेन वैन नीकेर्क और स्टार ऑलराउंडर मारिजान कैप कई वर्षों तक डेटिंग करने के बाद 2018 में शादी के बंधन में बंधी थी। वैन नीकेर्क दाएं हाथ की बैटर और लेग स्पिनर हैं। वह करीब 200 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी हैं। वहीं, कैप दाएं हाथ की बैटर और सीमर हैं। मारिजान कैप ने भी 200 से ज्यादा मुकाबलों में साउथ अफ्रीका का प्रतिनिधित्व किया है। दोनों ने 2009 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था।
मेगन शुट और जेस होलियोक
ऑस्ट्रेलिया की पेस सेंसेशन मेगन शुट ने लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद 2019 में जेस होलियोक से शादी की थी। मेगन शुट 2012 में अपने अंतरराष्ट्रीय पदार्पण के बाद से ऑस्ट्रेलियाई टीम का अभिन्न अंग रही हैं। उन्होंने 150 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। होलियोक क्रिकेटर नहीं है। उन्होंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के लिए फैसिलिटी मैनेजर के रूप में काम किया। इस जोड़े ने अगस्त 2021 में रेली लोयस शुट्ट नाम की बच्ची को जन्म दिया।
नताली साइवर और कैथरीन ब्रंट
इंग्लैंड की स्टार ऑलराउंडर नताली साइवर और कैथरीन ब्रंट ने करीब पांच साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद 29 मई 2022 को शादी की थी। साइवर और ब्रंट ने अक्टूबर 2019 में सगाई की थी। मूल योजना 2018 में नए साल की पूर्व संध्या पर सगाई करने की थी, लेकिन कोविड-19 के कारण सगाई की तरह, शादी भी स्थगित करनी पड़ी थी। वे इंग्लैंड की टीम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और 2017 आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप में इंग्लैंड की जीत की सूत्रधार थीं।
लिजेल ली और तनजा क्रोन्ये
दक्षिण अफ्रीका की लिजेल ली और तनजा क्रोन्ये ने सितंबर 2020 में शादी की। लिजेल ली एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर हैं। वहीं तनजा क्रोन्ये दक्षिण अफ्रीका में प्रांतीय क्रिकेट खेलती हैं। लिजेल ली 2013 से प्रोटियाज टीम का हिस्सा रही हैं। उन्होंने 183 अंतरराष्ट्रीय मैचों में हिस्सा लिया है।
लॉरेन विनफील्ड-हिल और कोर्टनी हिल
इंग्लैंड की लॉरेन-विनफील्ड हिल ने मार्च 2020 में कर्टनी हिल से शादी की। लॉरेन विनफील्ड-हिल 100 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुकी हैं। जबकि कोर्टनी हिल ऑस्ट्रेलिया में एक घरेलू क्रिकेटर हैं। दोनों डब्ल्यूबीबीएल में ब्रिस्बेन हीट में साथी थीं। कोर्टनी हिल अब रग्बी खेलती हैं।
हेले जेनसेन और निकोला हैनकॉक
न्यूजीलैंड की हेले जेनसेन और ऑस्ट्रेलिया की निकोला हैनकॉक अप्रैल 2019 में एक-दूसरे के साथ शादी के बंधन में बंधी थीं। ये दोनों खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया में घरेलू 50 ओवरों की प्रतियोगिता महिला राष्ट्रीय क्रिकेट लीग में ऑस्ट्रेलियन कैपिटल टेरिटॉरी के लिए खेलती हैं।
मैडी ग्रीन और लिज पेरी
न्यूजीलैंड की क्रिकेटर मैडी ग्रीन और लिज पेरी ने अप्रैल 2019 में शादी की। मैडी ग्रीन मौजूदा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं, जबकि लिज पेरी एक पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं। मैडी ग्रीन ने 2012 में डेब्यू किया था। मैडी ग्रीन ने 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में खेला है। लिज पेरी 2017 में आखिरी मैच खेलने से पहले 60 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में हिस्सा ले चुकी थीं।
राचेल हेंस और लिआह पॉल्टन
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर राचेल हेंस और लिआह पॉल्टन लंबे समय से साथ हैं। दोनों का ह्यूगो पोल्टन हेंस नाम का बच्चा भी है। ह्यूगो पोल्टन हेंस का जन्म अक्टूबर 2021 में हुआ था। दोनों खिलाड़ियों ने ऑस्ट्रेलिया के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेला है। लिआह पोल्टन ने 2012 में अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था।
एलिस विलानी और निकोल बोल्टन
साल 2018 में अलग होने से पहले ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर एलिस विलानी और निकोल बोल्टन एक साथ थीं। एलिस विलानी 2009 से 2019 तक ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा रहीं, जबकि निकोल बोल्टन ने 2014 और 2019 के बीच ऑस्ट्रेलिया के लिए क्रिकेट खेला।