इंडियन प्रीमियर लीग 2025 (IPL 2025) में सोमवार (24 मार्च) को लेग स्पिन ऑलराउंडर विप्रज निगम ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ डेब्यू किया। उन्होंने पहले एडेन मार्कराम को आउट किया फिर 15 गेंद पर 39 रन ठोककर ड्रीम डेब्यू किया। विपराज घरेलू क्रिकेट में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 8 विकेट झटके थे।
विपराज को अक्षर ने 5वें ओवर में गेंदबाजी दी। उन्होंने एडेन मार्कराम को पवेलियन भेजा। हालांकि, उनके दूसरे ही ओवर में 25 रन बने। निकोलस पूरन ने 3 और मिचेल मार्श ने 1 छक्का लगाया। उन्होंने 2 ओवर में 35 रन देकर 1 विकेट लिए। इसके बाद उन्होंने बल्लेबाजी मे दम दिखाया। दिल्ली को हारा हुआ मैच जीतने में अहम भूमिका निभाई।
विपराज ने 15 गेंद पर 39 रन बनाए
विपराज निगम जब लखनऊ के खिलाफ बल्लेबाजी के लिए आए तब दिल्ली ने 113 पर 6 विकेट गंवा दिए थे। विपराज ने 15 गेंद पर 39 रन बनाए। 260 के स्ट्राइक रेट रहा। 5 चौके और 2 छक्का जड़ा। उन्होंने आशुतोष शर्मा के साथ 55 रन की साझेदारी की। उन्हें एक अन्य डेब्यूटेंट दिग्वेश राठी ने आउट किया।
पूरन का विकेट लेने से चूके
एडेन मार्कराम को आउट करने के बाद 7वें ओवर में विपराज निगम गेंदबाजी करने आए थे। इस ओवर में 25 रन बने। मिचेल मार्श ने पहली गेंद पर छक्का जड़ा। दूसरी गेंद पर 1 रन लिया। इसके बाद 4 गेंद पर पूरन ने 3 छक्के जड़े। 5वीं गेंद पर पूरन आउट होने से बच गए। पूरन ने बड़ा शॉट लगाने का प्रयास किया। पॉइंट पर मौजूद समीर रिजवी ने आसान कैच टपका दिया। समीर भी उत्तर प्रदेश से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। कैच छूटने के बाद पूरन ने अगली गेंद पर छक्का जड़ा।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार गेंदबाजी
उत्तर प्रदेश के 20 वर्षीय खिलाड़ी को पिछले साल जेद्दा में मेगा ऑक्शन के दौरान 50 लाख रुपये में खरीदा गया था। विपराज निगम ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024-25 के दौरान सुर्खियां बंटोरी। उन्होंने सात से ज्यादा के इकॉनमी से आठ विकेट चटकाए।
विपराज का बल्ले से दमदार प्रदर्शन
विपराज को ज्यादा बल्लेबाजी नहीं मिली, लेकिन उन्होंने आंध्र के खिलाफ रिंकू सिंह के साथ मिलकर आठ गेंदों पर 27 रन बनाए और अपनी टीम को 157 रनों के लक्ष्य तक पहुंचाया था। दिल्ली कैपिटल्स के प्री-सीजन इंट्रा-स्क्वाड मैच के दौरान विपराज ने 29 गेंदों पर 54 रन बनाए। इसमें सात चौके और दो छक्के शामिल थे।
यूपी टी20 लीग में शानदार प्रदर्शन
20 साल का यह लेग स्पिनर अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान से प्रभावित हैं। यूपी टी20 लीग में लखनऊ फॉल्कनस के लिए विपराज ने 11 पारियों में 7.45 के स्ट्राइक रेट से 20 विकेट लिए थे।