IPL DC Team 2021 Players List, Squad: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते दिखेंगे। 18 फरवरी को हुई नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें दो करोड़ 20 लाख रुपए में खरीदा। नीलामी के दौरान स्टीव स्मिथ पर सबसे पहले रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर ने 2 करोड़ की बोली लगाई। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने 2 करोड़ 20 लाख रुपए में उन्हें अपने पाले में कर लिया।
दिल्ली ने अंग्रेज ऑलराउंडर टॉम करन को 5.25 करोड़ रुपए में खरीदा। उसने उमेश यादव को एक करोड़ और लुकमान हुसैन मेरिवाला को उनके बेस प्राइस 20 लाख रुपए में खरीदा। स्टीव स्मिथ को नीलामी से पहले राजस्थान रॉयल्स ने रिलीज किया था। स्मिथ को रिलीज कर राजस्थान रॉयल्स ने अपने पर्स में 12.50 करोड़ रुपए का इजाफा किया था। राजस्थान रॉयल्स ने साल 2018 की नीलामी से पहले 12.50 करोड़ रुपये में अपने साथ लिया था। आईपीएल 2021 से पहले राजस्थान ने उन्हें रिलीज कर दिया। इसके बाद केरल के संजू सैमसन को कप्तान बनाया। राजस्थान रॉयल्स ने संजू सैमसन को 2018 की नीलामी में आठ करोड़ रुपये में खरीदा था।
संजू सैमसन सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में केरल के कप्तान थे। हालांकि, विजय हजारे ट्रॉफी में उन्हें केरल की कप्तानी से हटा दिया गया है। स्टीव स्मिथ ने कुछ दिन पहले ही ऑस्ट्रेलिया डोमेस्टिक वन-डे कप (Australia Domestic One-Day Cup) 2021 के पहले मैच में न्यू साउथ वेल्स की ओर से खेलते हुए 124 गेंद में 127 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 9 चौके और 6 छक्के लगाए।
दिल्ली कैपिटल्स ने इन खिलाड़ियों को रिटेन किया था: दिल्ली कैपिटल्स ने 19 खिलाड़ियों को रिटेन किया था। उनमें श्रेयस अय्यर, अजिंक्य रहाणे, अमित मिश्रा, आवेश खान, अक्षर पटेल, हर्षल पटेल, इशांत शर्मा, कगिसो रबाडा, पृथ्वी शॉ, आर अश्विन, ऋषभ पंत, शिखर धवन, शिमरॉन हेटमॉयर, मार्कस स्टोइनिस, ललित यादव, एनरिक नोर्त्जे, डेनियल सैम्स, प्रवीण दुबे, क्रिस वोक्स शामिल थे।
दिल्ली कैपिटल्स ने इन खिलाड़ियों को खरीदा: टॉम करन (ऑलराउंडर, 5 करोड़ 25 लाख रुपए), स्टीव स्मिथ (बल्लेबाज, 2 करोड़ 20 लाख रुपए), सैम बिलिंग्स (विकेटकीपर, 2 करोड़ रुपए) उमेश यादव (गेंदबाज, एक करोड़ रुपए), रिपल पटेल (ऑलराउंडर, 20 लाख रुपए), विष्णु विनोद (विकेटकीपर, 20 लाख रुपए), लुकमान हुसैन मेरिवाला (गेंदबाज, 20 लाख रुपए), एम सिद्धार्थ (गेंदबाज, 20 लाख रुपए)।