विक्टोरिया और डेविड बेकहम के सबसे छोटे बेटे 19 साल के क्रूज़ बेकहम 29 साल की गायिका और गीतकार जैकी एपोस्टेल को डेट कर रहे हैं। Hello! मैगजीन के अनुसार, जैकी एपोस्टेल ब्राजीलियाई गर्ल बैंड शुट्ज़ की पूर्व सदस्य हैं। जैकी एपोस्टेल कथित तौर पर क्रूज बेकहम से 10 साल बड़ी हैं। आउटलेट के अनुसार, बैंड की ओर से 2022 में एक इंस्टाग्राम पोस्ट में जैकी की उम्र 26 बताई गई थी और 18 अक्टूबर 2024 को उन्होंने अपना 29वां जन्मदिन मनाया।
क्रूज बेकहम और जैकी एपोस्टेल के बीच रिश्ते की बात तब सार्वजनिक हुई, जब सितंबर 2024 में पेरिस फैशन वीक में दोनों ने स्टाइलिश अंदाज में शिरकत की। हाथों में हाथ डाले घूमते हुए यह जोड़ा पेरिस फैशन वीक की पहली पंक्ति की सीट पर पहुंचा। क्रूज और जैकी एपोस्टेल के बीच रोमांस की अफवाहें अप्रैल 2024 से उड़ रही थीं और पेरिस की गलियों में इस बात की पुष्टि हो गई। यह घटना नॉर्वे की एक गायिका की ओर से क्रूज बेकहम पर धोखा देने का आरोप लगाये जाने के कुछ दिनों बाद ही हुई।
जैकी एपोस्टेल के पैरेंट्स जर्मन और ब्राजीली
जैकी एपोस्टेल के पैरेंट्स जर्मन और ब्राजीली हैं। वह दोनों देशों में रहती हैं। वार्नर चैपल ब्राजील के साथ पार्टनरशिप के बाद से जैकी संगीत उद्योग के बड़े नामों के लिए अंग्रेजी और पुर्तगाली में गीत लिख रही हैं। ऐसा तब हुआ जब उन्हें अचानक अमेरिका छोड़ना पड़ा, जहां उन्होंने कई साल पहले काम शुरू किया था।
क्रूज बेकहम पर पूर्व प्रेमिका को धोखा देने का आरोप
क्रूज बेकहम की नई प्रेमिका का खुलासा उनके द्वारा धोखाधड़ी के आरोपों का सामना करने के कुछ ही दिनों बाद हुआ है। डेली मेल के अनुसार, नॉर्वेजियन सिंगर विक्टोरिया रीटन का नाम मार्च 2024 में क्रूज के साथ जोड़ा गया था। तब उन्हें क्रूज के साथ एक पारिवारिक डिनर पर देखा गया था, लेकिन ऐसा लगता है कि उसके बाद उनका ब्रेकअप हो गया है। इसके बाद विक्टोरिया ने TikTok पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया था कि उनके पूर्व प्रेमी ने उन्हें ‘धोखा’ दिया है। वीडियो क्लिप में क्रूज गिटार बजाते हुए उन्हें किस करते हुए दिख रहे थे। विक्टोरिया रीटन ने लिखा, ‘हम ऐसे ही साथ थे। फिर भी उसने धोखा दिया।’
रोमियो भी कह चुके हैं फुटबॉल को अलविदा
इस घटना से कुछ दिन पहले ही डेविड बेकहम के सबसे बड़े बेटे रोमियो ने फुटबॉल से संन्यास लेने का ऐलान किया था। रोमियो ने जब संन्यास लिया था, तब उनकी उम्र महज 22 साल की थी। उन्होंने फैशन में अपना करियर बनाने के लिए यह फैसला लिया था। मैनचेस्टर यूनाइटेड के पूर्व खिलाड़ी डेविड बेकहम के बेटे को जून 2024 में ब्रेंटफोर्ड ने अपनी बी टीम के साथ बने रहने के लिए डील की पेशकश की थी। हालांकि, फैशन के दीवाने रोमियो अपने फैसले पर अडिग रहे।