Birmingham Commonwealth Games 2022: मुरली श्रीशंकर राष्ट्रमंडल खेलों की एथलेटिक्स प्रतियोगिता की पुरुष लंबी कूद स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने। स्वर्ण पदक के प्रबल दावेदार श्रीशंकर ने अपने पांचवें प्रयास में 8.08 मीटर की दूरी के साथ बर्मिंघम में गुरुवार देर रात इस स्पर्धा का रजत पदक अपने नाम किया। उधर, राष्ट्रमंडल खेलों की पैरा पावर लिफ्टिंग स्पर्धा में भारत के सुधीर ने पुरुष हैवीवेट फाइनल में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा। सुधीर राष्ट्रमंडल खेलों की पैरा पावर लिफ्टिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी है।

गोल्ड मेडल जीतने वाले बहामास के एथलीट के बराबर लगाई छलांग, लेकिन इसलिए मिला रजत पदक

पुरुष लंबी कूद में भारत के मोहम्मद अनीस याहिया पांचवें स्थान पर रहे। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक बहामास के लेकुआन नेर्न ने जीता। उन्होंने अपनी दूसरी कोशिश में 8.08 मीटर का ही सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया। हालांकि, लेकुआन का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रयास7.98 मीटर का रहा था, जो श्रीशंकर के 7.84 मीटर के दूसरे सर्वश्रेष्ठ प्रयास से बेहतर रहा। इस कारण उन्हें विजेता घोषित किया गया और मुरली श्रीशंकर को रजत से संतोष करना पड़ा।

यही नहीं, लेकुआन ने अपने दूसरे प्रयास में यह दूरी हासिल की और उन्हें हवा से कम सहायता मिली। श्रीशंकर के प्रयास के समय हवा की गति प्लस 1.5 मीटर प्रति सेकेंड जबकि नेर्न के प्रयास के समय माइनस 0.1 मीटर प्रति सेकेंड थी। दक्षिण अफ्रीका के योवान वान वुरेन ने 8.06 मीटर के प्रयास के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते तो मुरली श्रीशंकर और अनीस याहिया जीत सकते थे स्वर्ण और रजत पदक

श्रीशंकर और याहिया दोनों क्रमश: 8.36 मीटर और 8.15 मीटर के अपने निजी और सत्र के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से काफी पीछे रहे। अगर ये दोनों अपने निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी करते तो भारत को स्वर्ण और रजत पदक मिल सकते थे।

श्रीशंकर क्वालिफाइंग दौर में एकमात्र खिलाड़ी थे जिन्होंने 8.05 मीटर के साथ 8 मीटर का स्वत: क्वालिफाइंग स्तर हासिल किया था। श्रीशंकर और याहिया 6 प्रयास के फाइनल में 3 प्रयास के बाद क्रमश: छठे और 8वें स्थान पर चल रहे थे। बारह खिलाड़ियों के फाइनल में तीन प्रयास के बाद शीर्ष 8 खिलाड़ियों को ही अगले 3 प्रयास करने की स्वीकृति होती है।

भारत के बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में हुए 20 पदक

भारत के बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में अब 20 पदक हो गए हैं। वह पदक तालिका में सातवें नंबर पर है। उसने अब तक 6 स्वर्ण पदक जीते हैं। इसके अलावा उसने 7 रजत और इतने ही कांस्य पदक अपने नाम किए हैं।

सुधीर ने पैरा पावर लिफ्टिंग में उठाया रिकॉर्ड 212 किग्रा वजन

राष्ट्रमंडल खेलों की पैरा पावर लिफ्टिंग स्पर्धा में सुधीर ने अपने दूसरे प्रयास में 212 किग्रा वजन उठाकर रिकॉर्ड 134.5 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। सुधीर हालांकि अपने अंतिम प्रयास में 217 किग्रा वजन उठाने में नाकाम रहे।

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने दी सुधीर को बधाई

Koo App
राष्ट्रमंडल खेलों में पैरा-पावरलिफ्टिंग के हैवीवेट वर्ग में सुधीर जी आपको भारत के लिए ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने की हार्दिक बधाई। आपने अपने इस शानदार प्रदर्शन से हम सभी देशवासियों को गौरवान्वित किया है। आपको भविष्य में होने वाली प्रतिस्पर्धाओं के लिए अग्रिम शुभकामनाएं।
View attached media content
– Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) 5 Aug 2022

नाइजीरिया के इकेचुकवु क्रिस्टियन उबिचुकवु ने 133.6 अंक के साथ रजत, जबकि स्कॉटलैंड के मिकी यूले ने 130.9 अंक के साथ कांस्य पदक जीता। क्रिस्टियन ने 197 किग्रा जबकि यूले ने 192 किग्रा वजन उठाया।