Commonwealth Games 2022 Wrestling : कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 का 9वें दिन भारतीय पहलवानों ने इतिहास रच दिया। बर्मिंघम में भारत पहलवानी में अबतक छह गोल्ड जीता है। राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में रेसलिंग में देश ने कभी इतना स्वर्ण नहीं जीता था। विनेश फोगट ने महिलाओं की 53 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती में चामोडया केशानी को हराकर राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक की हैट्रिक पूरी की। वहीं रवि दहिया और नवीन कुमार ने भी गोल्ड जीता। दीपक नेहरा, पूजा गहलोत और पूजा सिहाग ने कांस्य पदक दिलाया। कुश्ती में भारत अबतक 12 पदक जीत चुका है।
विनेश फोगाट की गोल्ड की हैट्रिक
टोक्यो ओलंपिक में नाकामी और अतीत के मानसिक और शारीरिक संघर्षों को पीछे छोड़कर विनेश ने चंद सेकंड में ही श्रीलंकाई रेसलर को चित करके 4-0 से जीत दर्ज की। बता दें कि विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता कनाडा की सामंथा ली स्टीवर्ट के खिलाफ विनेश फोगाट का पहला मुकाबला कठिन था, लेकिन उन्होंने महज 36 सेकंड में जीत दर्ज कर ली थी। इसके बाद विनेश का सामना नाइजीरिया की मर्सी बोलाफुनोलुवा एडेकुरोये से हुआ, जिसकी कठिन चुनौती का इस भारतीय पहलवान ने बखूबी सामना किया। महिलाओं के इस किलोवर्ग में चार ही पहलवान थे। विनेश के गोल्ड मेडल जीतने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें बधाई दी है।
Koo AppCWG में आपके हैट्रिक स्वर्ण पदक की आकाश भर बधाई Vinesh Phogat जी! #CommonwealthGames2022 की कुश्ती प्रतिस्पर्धा में आज स्वर्ण पदक जीतकर विश्व में आपने भारतीय नारी शक्ति का परचम लहरा दिया है। संपूर्ण राष्ट्र हर्षित है। जय हिंद!– Yogi Adityanath (@myogiadityanath) 6 Aug 2022
रवि दहिया और नवीन ने गोल्ड दिलाया
टोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता रवि दहिया ने पुरूषों के 57 किग्रा फाइनल में नाइजीरिया के एबिकेवेनिमो वेल्सन को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 10-0 से हराया। इससे पहले उन्होंने न्यूजीलैंड के सूरज सिंह और पाकिस्तान के असद अली को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हराया था।
नवीन कुमार ने 74 किग्रा कुश्ती स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने पाकिस्तान के ताहिर मुहम्मद शरीफ को हराया। उन्होंने नाइजीरिया के ओग्बोना एमैन्युअल जॉन को तकनीकी श्रेष्ठता पर हराया । इसके बाद सिंगापुर के हांग यू लोउ और इंग्लैड के चार्ली जेम्स बोलिंग को मात दी।
पूजा गहलोत, पूजा सिहाग और दीपक नेहरा ने कांस्य जीता
महिलाओं के 50 किलो वर्ग में पूजा गहलोत ने स्कॉटलैंड की क्रिस्टेले एल को कांस्य पदक के मुकाबले में तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 12-2 से हराया। पहले मैच में इसी प्रतिद्वंद्वी को हराने के बाद उनको कैमरुन की रेबेका एंडोलो मुआम्बो पर वाकओवर मिला था। सेमीफाइनल में वह कनाडा की मेडिसन बियांका पार्क्स से हार गई थी। पूजा सिहाग ने फ्रीस्टाइल 76 किलो वर्ग में ऑस्ट्रेलिया की नाओमी डी ब्रुईन को हराकर कांस्य पदक दिलाया। वहीं दीपक नेहरा ने फ्रीस्टाइल 97 किलो वर्ग में पाकिस्तान के तैयब राजा को हराकर कांस्य पदक दिलाया।
12 भारतीय पहलवानों ने पदक जीता
गौरतलब है कि शुक्रवार को दीपक पूनिया, बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक ने भारत को रेसलिंग में स्वर्ण पदक दिलाया था। इसके अलावा अंशु मलिक को सिल्वर से संतोष करना पड़ा। वहीं, दिव्या काकरन और मोहित ग्रेवाल ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इस तरह भारत के सभी 12 पहलवानों ने पदक हासिल किया।