Accident In Commonwealth Games: भारतीय साइकिल चालक मीनाक्षी (Meenakshi) राष्ट्रमंडल खेलों के चौथे दिन दुर्घटना का शिकार हो गईं। जब वह अपनी स्पर्धा में हिस्सा ले रही थीं, उसी दौरान प्रतिद्वंद्वी की साइकिल उनके शरीर के ऊपर से निकल गई। राष्ट्रमंडल खेलों में यह दो दिन में दूसरा हादसा है। बर्मिंघम के ली वैली वेलो पार्क में यह दो दिनों में दूसरी दुर्घटना है।

इससे पहले इंग्लैंड के मैट वॉल्स भी स्पर्धा के दौरान अपनी साइकिल से गिर गए थे। उस हादसे में एक दर्शक को भी चोटें आईं थीं। उस रेस में भारत की ओर से विश्वजीत सिंह हिस्सा ले रहे थे। संयोग से वह हादसे का शिकार होने से बच गए थे। वह चोटिल खिलाड़ियों के पीछे ही थे।

मीनाक्षी महिलाओं की 10 किलोमीटर की ‘स्कैच रन’ के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुईं। इस दुर्घटना में मीनाक्षी साइकिल से गिरने के बाद फिसलकर ट्रैक के किनारे पहुंच गईं। न्यूजीलैंड की ब्रायोनी बोथा भी हादसे की चपेट में आ गईं। उनकी ही साइकिल मीनाक्षी के शरीर के ऊपर से निकली। इसके बाद बोथा भी अपनी साइकिल से गिर गईं।

दुर्घटना के तुरंत बाद चिकित्सक घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दोनों राइडर्स को मुकाबले से हटाया गया। मीनाक्षी को वहां से स्ट्रेचर पर ले जाया गया। इस रेस में इंग्लैंड की लौरा केनी भी शामिल थीं। वह दुर्घटना के समय सबसे आगे चल रही थीं। केनी ने इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। मीनाक्षी के दुर्घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हादसे का वीडियो नीचे आप भी देख सकते हैं।

मीनाक्षी ने 3 साल पहले शुरू किया था साइकिल चलाना

indian cyclist meenakshi
2022 राष्ट्रमंडल खेलों के चौथे दिन ली वैली वेलो पार्क में महिला ‘स्कैच रन’ के दौरान दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद दर्द से कराहतीं भारतीय साइकिल चालक मीनाक्षी। (सोर्स- एपी)

हरियाणा की मीनाक्षी ने 2019 में ही साइकिल चलाना शुरू किया था। उन्होंने उस साल राष्ट्रीय साइकिलिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया था। उनके शानदार प्रदर्शन के कारण साल 2020 में भारतीय प्रशिक्षण शिविर के लिए मीनाक्षी का चयन हुआ। अंतरराष्ट्रीय मंच की बात करें तो मीनाक्षी ने एशियन ट्रैक साइक्लिंग चैंपियनशिप 2022 में कांस्य पदक जीता था।