अचिंता शेउली ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत को तीसरा गोल्ड मेडल दिलाया। अचिंता शेउली ने राष्ट्रमंडल खेलों की भारोत्तोलन स्पर्धा में भारत के स्वर्णिम अभियान जारी रखते हुए पुरुषों के 73 किलोवर्ग में नए रिकॉर्ड के साथ बाजी मारी। अचिंता शेउली के गोल्ड मेडल जीतने के साथ ही पदक तालिका में छठे नंबर पर पहुंच गया। भारत ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में अब तक 3 स्वर्ण पदक, 2 रजत पदक और एक कांस्य पदक समेत कुल 6 पदक जीते हैं।
अचिंता शेउली से पहले टोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता मीराबाई चानू और जेरेमी लालरिननुंगा ने भारत को भारोत्तोलन में दो स्वर्ण दिलाए थे। वहीं, तरणताल पर अपना जलवा लगातार बिखेर रहे भारत के श्रीहरि नटराज ने पुरुषों की 50 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के फाइनल में प्रवेश कर लिया।
श्रीहरि नटराज ने 25.38 सेकंड का समय निकाला। वह सेमीफाइनल में आठवें नंबर पर रहे थे। शीर्ष आठ तैराकों ने ही एक अगस्त को होने वाले फाइनल में जगह बनाई, जबकि अनुभवी साजन प्रकाश पुरुषों की 200 मीटर बटरफ्लाई में नौवें स्थान पर रहे।
पश्चिम बंगाल के 21 वर्ष के अचिंता शेउली ने स्नैच में 143 किलो वजन उठाया, जो राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकॉर्ड है। उन्होंने क्लीन एंड जर्क में 170 किलो समेत कुल 313 किलो वजन उठाकर राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड अपने नाम किया। पिछले साल जूनियर विश्व भारोत्तोलन चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाले शेउली ने दोनों सर्वश्रेष्ठ लिफ्ट तीसरे प्रयास में किए। मलेशिया के ई हिदायत मोहम्मद को रजत और कनाडा के शाद डारसिग्नी को कांस्य पदक मिला जिन्होंने क्रमश: 303 और 298 किलो वजन उठाया।
तैराकी में नटराज ने क्वालिफाइंग दौर में 25.52 सेकंड का समय निकाला था। बेंगलुरु का यह 21 वर्षीय तैराक अपनी हीट में दूसरे और कुल आठवें स्थान पर रहा। नटराज का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 24.40 सेकेंड का है जो उन्होंने पिछले साल संयुक्त अरब अमीरात में हुई 15वीं फिना विश्व तैराकी चैंपियनशिप के दौरान हासिल किया था।
भारत के पदकों की संख्या हुई 6, छठे स्थान पर पहुंचा

नटराज 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में सातवें स्थान पर रहे थे। पुरुषों की 200 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में साजन प्रकाश 1:58.99 सेकेंड से चौथे स्थान पर रहे। उन्हें रिजर्व सूची में रखा गया था, क्योंकि वह कुल नौवें तेज तैराक रहे। सर्वश्रेष्ठ आठ तैराक फाइनल में पहुंचे। साजन प्रकाश और ऑस्ट्रेलिया के किरोन पोलार्ड ने एक बराबर समय निकाला।
इसके बाद साजन प्रकाश ने दोनों के बीच ‘स्विम-ऑफ’ में 1:58.31 सेकेंड का समय निकालकर पहले रिजर्व में जगह बनाई। अगर फाइनल में पहुंचे 8 तैराकों में से कोई भी एक पूल में नहीं जा सकता या फिर फाइनल से हट जाता तो प्रकाश को मौका मिलता, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।साजन प्रकाश नौवें स्थान पर रहे। ‘स्विम-ऑफ’ एक विशेष तैराकी रेस होती है। इसमें सामान्य एलिमिनेशन रेस में विफल होने के बाद विजेता अगले स्तर के लिए क्वालिफाई करता है।