मनिका बत्रा- टेबल टेनिस
मनिका बत्रा ने शनिवार को राष्ट्रमंडल खेलों में टेबल टेनिस की महिला एकल स्पर्धा में भारत के लिए अब तक का पहला स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। दुनिया की 58वें नंबर की खिलाड़ी मनिका ने फाइनल में 50वें रैंक वाली सिंगापुर की यू मेंग्यू को एकतरफा मुकाबले में 4-0 (11-7, 11-6, 11-2, 11-7) से शिकस्त देकर मौजूदा राष्ट्रमंडल खेलों में अपना दूसरा स्वर्ण पदक जीता।
सुमित और विनेश- कुश्ती
भारतीय पहलवानों सुमित (125 किलो) और विनेश फोगाट (50 किलो) ने शनिवार को राष्ट्रमंडल खेलों की कुश्ती स्पर्धा में भारत को दो स्वर्ण पदक और दिलाए। ओलंपिक कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक (62 किलो) को कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा। सोमवीर ने भी 86 किलो वर्ग में कांस्य पदक जीता। भारत ने कुश्ती में पांच स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य पदक जीते।
नीरज चोपड़ा- भाला फेंक
नीरज चोपड़ा राष्ट्रमंडल खेलों की भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए। उन्होंने यहां फाइनल में सत्र का सर्वश्रेष्ठ 86.47 मीटर का थ्रो फेंका। जूनियर विश्व चैंपियन 20 बरस के नीरज ने शुक्रवार को पहले ही थ्रो में क्वालीफाइंग आंकड़े को छूकर फाइनल में जगह बनाई थी।
मैरीकॉम- मुक्केबाजी
पांच बार की विश्व चैंपियन और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता एमसी मैरीकॉम (48 किलो) राष्ट्रमंडल खेलों में महिला मुक्केबाजी में स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय बनीं। वहीं गौरव सोलंकी (52 किलो) और विकास कृष्ण (75 किलो) ने भी पीला तमगा अपने नाम किया।
संजीव राजपूत- निशानेबाजी
भारत के संजीव राजपूत ने राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस में खेलों के रेकार्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतकर बेलमोंट रेंज पर भारत के स्वर्णिम अभियान को अंजाम तक पहुंचाया। सैतीस बरस के राजपूत ने 454.5 का स्कोर करके स्वर्ण जीता। वह क्वालीफिकेशन चरण में 1180 अंकों के साथ शीर्ष पर थे। भारत के चैन सिंह 419.1 का स्कोर करके पांचवें स्थान पर रहे।
