छक्का मारकर मैच जिताना महेंद्र सिंह धोनी की आदत में शुमार हो चुका है। यह कारनामा पहले वह वनडे फॉर्मेट में करते थे। लेकिन अब टी-20 में भी वह अपने ताबड़तोड़ छक्कों की बौछार से नामी टीमों और उनके गेंदबाजों को पानी पिला देते हैं। ताजा उदाहरण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से जुड़ा है। रविवार (20 मई) को उन्होंने पंजाब के खिलाफ हुएआ मैच में छक्का मारकर चेन्नई को जीत दिलाई।

धोनी के इस छक्के ने उनके नाम नया रिकॉर्ड दर्ज करा दिया है। आईपीएल में पांचवीं बार उन्होंने छक्का मारकर अपनी टीम को मैच जिताया है। वह इस सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की कप्तानी संभाल रहे हैं। आपको बता दें कि रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और किंग्स-11 पंजाब का मुकाबला हुआ था।

महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की थी। पंजाब की टीम 19.4 ओवर्स में 153 पर ढेर हो गई थी, जबकि जवाबी पारी में 19.1 ओवर्स में पांच विकेट गंवाकर सीएसके ने 159 रन बना लिए थे। ऐसा कर टीम ने पांच विकेट के साथ यह मुकाबला अपने नाम किया था।

माही ने इस मैच में सात गेंदों का सामना किया। उन्होंने टीम के लिए नाबाद 16 रन की पारी खेली, जिसमें एक छक्का और एक चौका शामिल है। धोनी ने यह छक्का आखिरी गेंद पर जड़ा था और टीम को जीत दिलाई थी। धोनी ने आईपीएल में छक्का मारकर टीम को जिताने का कारनामा पांचवीं बार दोहराया।

उन्होंने इससे पहले 25 अप्रैल को बेंगलुरू के खिलाफ हुए मैच में छक्का मारकर चेन्नई को जिताया था। इतना ही नहीं, वनडे फॉर्मेट की बात करें, तो साल 2011 में भी वह कुछ ऐसा ही करते दिखे थे। मौका था वर्ल्ड कप का। भारत के सामने टीम थी- श्रीलंका। धोनी ने तब आखिरी गेंद पर छक्का मारकर वह शॉट और जीत इतिहास बना दी थी।

देखिए धोनी ने किन मैचों में छक्के के साथ खत्म किया मैच-