महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई के ‘बब्बर शेर’ हैं। यह बात उन्होंने रविवार (15 अप्रैल) को साबित की। पीठ में दर्द से परेशान थे। माही का बदन इस दौरान टूट रहा था। लेकिन उन्होंने बल्लेबाजी पर असर नहीं पड़ने दिया। पिच पर डटकर खेले और जमकर रन बनाए। माही ने अपनी पारी के दौरान एक खास शॉट खेला था। एक हाथ से छक्का मारने वाला। हालांकि, उनकी पारी टीम को मैच में जिता न सकी। मगर उन्होंने अपने फैन्स और क्रिकेट दिग्गजों का दिल जरूर जीत लिया।
याद दिला दें कि 15 अप्रैल को चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) और किंग्स-11 पंजाब के बीच पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में मैच हुआ। सीएसके ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पंजाब ने 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 197 रन बनाए थे, जबकि जवाबी पारी में चेन्नई 20 ओवरों में 193 रनों पर ढेर हो गई थी। ऐसे में, सीएसके को चार रनों से हार का सामना करना पड़ा था।
धोनी ने यह शॉट तब जड़ा, जब सीएसके का स्कोर 175 रन था। टीम के पांच विकेट गिर चुके थे। जीतने के लिए सात गेंदों पर 23 रन चाहिए थे। स्ट्राइक पर धोनी खड़े थे। मैदान में फैन्स धोनी-धोनी चिल्ला रहे थे। वे उन्हें चीयर कर रहे थे।
अचानक गेंदबाज ने गेंद फेंकी जो सीधे माही के बल्ले पर आई। माही ने उसे लेग साइड की ओर पूरी ताकत के साथ खेला। उन्होंने शॉट के लिए इतना अधिक दम लगाया कि एक हाथ से बल्ला ही छूट गया था। हालांकि, दूसरे हाथ से वह बल्ले को थामे हुए थे।
माही के शॉट खेलने के बाद हर किसी की निगाहें गेंद पर होती हैं। गेंद सीधे बाउंड्री के पार जाकर गिरी थी। इस छक्के ने टीम का स्कोर सीधे 181 रन पहुंचा दिया था। देखिए धोनी के शॉट पर कैसा था फैन्स और अन्य लोगों का रिएक्शन–
One handed six! pic.twitter.com/JbCwPhyzjc
— Cricket Videos (@cricvideos5) April 15, 2018