चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई के स्टेडियम में जोरदार एंट्री हुई। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के साथ हुए इस मैच के दौरान माही की पत्नी भी मौजूद थीं। वह इस दौरान बेहद उत्साहित दिख रही थीं। याद दिला दें कि स्पॉट फिक्सिंग मामले में दो साल के प्रतिबंध के बाद चेन्नई टीम की इस सीजन के साथ वापसी हुई है। ऐसे में, सीएसके का 1095 दिनों तक अपने होम ग्राउंड से नाता टूट गया था। धोनी और सीएसके को चेन्नई के मैदान पर वापस पाकर फैन्स भी जोश से भरे नजर आ रहे थे।

हुआ यूं था कि चेन्नई का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 85 रन था। स्ट्राइक पर अंबाती रायडू थे। आठवें ओवर की तीसरी गेंद पर वह आउट हो गए। 39 रन पर उनके पवेलियन लौटने के बाद धोनी आए। उनकी एंट्री के दौरान फैन्स चीयर कर रहे थे। वे सीएसके के झंडे लहराकर उनका स्वागत कर रहे थे। धोनी की पत्नी साक्षी भी इस दौरान स्टेडियम में थीं। वह बेहद खुश नजर आ रही थीं।

साक्षी के साथ तब एक और लड़की भी थी। धोनी के आने पर वह साक्षी के सामने माही के लिए चीयर कर रही थी। साक्षी का रिएक्शन तब देखने लायक था। लेकिन जैसे ही साक्षी और उनकी सहेली को महसूस हुआ कि उनके रिएक्शन को मैदान में लगी बड़ी स्क्रीन पर दिखाया जा रहा है, तो वह बिल्कुल शांत बैठ गईं। वहीं, धोनी मैदान में पिच पर स्ट्राइक ले चुके थे और बल्लेबाजी के लिए तैयार थे।

देखें पूरा वीडियो-
https://twitter.com/cricvideos11/status/983759804085649408

बता दें कि सीएसके और केकेआर के बीच मंगलवार को मैच हुआ था। यह मुकाबला चेन्नई के एम.ए.चिदंबरम स्टेडियम में हुआ था। कोलकाता की टीम ने 20 ओवर्स में छह विकेट के नुकसान पर 202 रन बनाए थे। जवाबी पारी में सीएसके ने 19.5 ओवर्स में 205 बन बनाकर मैच पांच विकेट से अपने नाम किया।