फुटबॉल सुपरस्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने कहा कि खेल के लिए उनका जुनून कम नहीं हुआ है। दुबई में रविवार (28 दिसंबर) को ग्लोब सॉकर अवॉर्ड्स में पुर्तगाली फॉरवर्ड को बेस्ट मिडिल ईस्ट प्लेयर चुना गया। उन्होंने अपने करियर में 1,000 गोल पूरा करने की ख्वाहिश जताई।
हाल ही में रोनाल्डो ने अपने क्लब अल-नस्र के लिए दो गोल किए और क्लब और देश को लेकर अपने करियर में गोल की कुल संख्या 956 तक पहुंचा दी। सऊदी के क्लब में उनका करियर अच्छा चल रहा है। ऐसा लगता है कि रोनाल्डो आसानी से 1000 गोल का मील का पत्थर हासिल कर सकते हैं।
फुटबॉल खेलने में मजा आता है
लगातार दूसरी बार मिडिल ईस्ट के बेस्ट प्लेयर चुने जाने के बाद रोनाल्डो ने कहा, “खेलते रहना मुश्किल है, लेकिन मैं मोटिवेटेड हूं। मुझमें पैशन बहुत ज्यादा है और मैं खेलना जारी रखना चाहता हूं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि मैं मिडिल ईस्ट में या यूरोप में खेलता हूं। मुझे हमेशा फुटबॉल खेलने में मजा आता है और मैं इसे जारी रखना चाहता हूं। आप जानते हैं कि मेरा गोल क्या है। मैं ट्रॉफी जीतना चाहता हूं और मैं उस नंबर (1,000 गोल) तक पहुंचना चाहता हूं, जिसे आप सब जानते हैं। अगर कोई चोट नहीं लगी तो मैं उस नंबर तक जरूर पहुंचूंगा।”
उस्मान डेम्बेले सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी
दो दशक से ज्यादा लंबे करियर में रोनाल्डो दुनिया के कुछ सबसे बड़े क्लबों रियल मैड्रिड, जुवेंटस और मैनचेस्टर यूनाइटेड के लिए खेले हैं। ग्लोबल सॉकर अवॉर्ड्स ने इस साल बैलन डी’ओर के नतीजों को सही ठहराया। इसमें पीएसजी के उस्मान डेम्बेले को सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी और बार्सिलोना की ऐटाना बोनमाटी ने सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी का खिताब जीता। पीएसजी के डेसिरे डौए को बेस्ट उभरते हुए खिलाड़ी का अवॉर्ड मिला, जबकि लुइस एनरिक को बेस्ट कोच चुना गया।
ग्लोबल सॉकर अवॉर्ड्स की लिस्ट
- सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी: उस्मान डेम्बेले (पीएसजी)।
- सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी: ऐताना बोनमाटी (बार्सिलोना)।
- सर्वश्रेष्ठ मध्य पूर्वी खिलाड़ी: क्रिस्टियानो रोनाल्डो।
- उभरता हुआ खिलाड़ी: डेसिरे डौडे (पीएसजी)।
- सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड: लामिन यामल (बार्सिलोना)।
- सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर: विटिन्हा (पीएसजी)।
- सर्वश्रेष्ठ पुरुष क्लब: पीएसजी।
- सर्वश्रेष्ठ महिला क्लब: बार्सिलोना।
- सर्वश्रेष्ठ कोच: लुइस एनरिक (पीएसजी)।
- सर्वश्रेष्ठ एजेंट: जॉर्ज मेंडेस।
- सर्वश्रेष्ठ खेल निदेशक: लुइस कैंपोस (पीएसजी)।
- सर्वश्रेष्ठ मैनेजर: नासिर अल-खेलाइफी (पीएसजी)।
- सर्वश्रेष्ठ कंटेंट क्रिएटर: बिलाल हलाल।
- सर्वश्रेष्ठ एकेडमी राइट टू ड्रीम।
- करियर उपलब्धि: हिदेतोशी नाकाटा और एंड्रेस इनिएस्टा।
- सर्वश्रेष्ठ ब्रांडिंग: लॉस एंजिल्स फुटबॉल क्लब।
- सर्वश्रेष्ठ मानसिक कोच: निकोलेट्टा रोमानाजी।
- सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रीय टीम: पुर्तगाल।
- सर्वश्रेष्ठ खेल सुधार: पॉल पोग्बा।
- माराडोना अवॉर्ड: लामिन यामल।
