खिलाड़ियों के लिए फिटनेस ही उनका सबसे बड़ा हथियार है। फिटनेस के लिए सबसे जरूरी है सही डायट और व्यायाम। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी खिलाड़ियों के लिए फिटनेस का एक बेहतरीन उदाहरण हैं। 36 साल के महेंद्र सिंह धोनी जब मैदान पर होते हैं तो विकेटों के बीच उनकी दौड़ और उनका फिटनेस देखने लायक होता है। लेकिन धोनी ने खुद को फिट रखने के लिए अपनी सबसे मनपसंद चीज की कुर्बानी दी है। जी हां, मुंबई में एक इवेंट के दौरान पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने खुद इस बात का खुलासा किया। कार्यक्रम के दौरान जब धोनी से उनकी फिटनेस को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि 80 प्रतिशत फिटनेस आपके खान-पान से आती है जबकि 20 प्रतिशत के लिए अच्छे ट्रेनिंग की जरुरत है। धोनी ने बतलाया कि अपना फिटनेस बरकरार रखने के लिए उन्होंने अपनी डायट और लाइफस्टाइल में कई तरह के परिवर्तन किये हैं।

महेंद्र सिंह ने अपनी मनपसंद – बटर चिकन, नान, चॉकलेट्स, मिल्कशेक और सॉफ्ट ड्रिंक तक छोड़ दिया है। महेंद्र सिंह धोनी ने खुद कहा है कि मेरी खाने की आदतों में बड़ा बदलाव आ चुका है। जब मैंने डेब्यू किया था तब मैं बटर चिकन, नान, मिल्कशेक , काफी मात्रा में चॉकलेट और सॉफ्ट ड्रिंक लिया करता था। जब मैं 28 साल का हो गया तब मैंने चॉकलेट छोड़ दी, मिल्क शेक छोड़ दिया।

अपनी फिटनेस पर बातचीत करते हुए धोनी ने कहा कि हमें अपने शरीर को समझने की जरुरत है। धोनी ने कहा कि वो जिम में पसीना बहाते हैं। लेकिन खेल और जिम के बीच सांजस्य बैठाना भी बेहद जरूरी है। धोनी ने कहा कि जब आईपीएल शुरू हो गया था तो मैं जिम बिल्कुल भी नहीं जाता था। लेकिन आईपीएल शुरू होने के बाद और अब आईपीएल खत्म होने के बाद मैं जिम जाकर खुद को फिट जरूर रखता हूं।

साल 2014 में टेस्ट क्रिकेट से महेंद्र सिंह धोनी ने सन्यास ले लिया था। लेकिन सीमित ओवरों के खेल में महेंद्र सिंह धोनी अभी टीम के लिए खेल रहे हैं और बेहतरीन प्रदर्शन भी कर रहे हैं। हाल ही में खत्म हुए इंडियन प्रीमियर लीग में महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान थे और उनकी अगुवाई में टीम ने आईपीएल का खिताब भी जीता। मैदान पर विकेटों के बीच तेज दौड़ लगाने में धोनी की कोई सानी नहीं है। लेकिन इसके लिए धोनी ने अपने मनपसंद खाने की कुर्बानी भी दी है।