इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 में हिस्सा लेकर स्वदेश लौट रहे क्रुणाल पंड्या को मुंबई के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पूछताछ के लिए रोका गया है। क्रुणाल पंड्या आईपीएल 2020 में मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2020 की ट्रॉफी जीती है। एएनआई ने डॉयरेक्टोरेट ऑफ रेवन्यू इंटेलीजेंस (डीआरआई) के सूत्रों के हवाले से कहा है कि यूएई से लौटते समय क्रिकेटर क्रुणाल पंड्या को मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) द्वारा रोका गया है।
क्रुणाल के पास अघोषित सोना और अन्य कीमती सामान होने का संदेह है। सूत्रों के के मुताबिक, फिलहाल कस्टम अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं। अधिकारी उनके पास ज्यादा सोने के कागजात मांग रहे हैं। बता दें कि एक साल से अधिक समय तक विदेश में रहने वाला व्यक्ति 50 हजार रुपए तक का सोना भारत में ड्यूटी फ्री लेकर आ सकता है। वहीं, महिलाओं के लिए ये छूट एक लाख रुपए तक है। महिलाएं एक लाख रुपए तक की कीमत का सोना ड्यूटी फ्री लेकर भारत आ सकती हैं। ड्यूटी फ्री की शर्तें सिर्फ सोने के आभूषणों पर लागू हैं। सोने के सिक्कों और बिस्किट्स पर ड्यूटी देना पड़ता है।
Cricketer Krunal Pandya stopped by Directorate of Revenue Intelligence (DRI) at the Mumbai International Airport over suspicion of being in possession of undisclosed gold and other valuables, while returning from UAE: DRI sources pic.twitter.com/9Yk82coBgz
— ANI (@ANI) November 12, 2020
दैनिक भास्कर ने DRI के सूत्रों के हवाले से लिखा है कि क्रुणाल पंड्या के पास तय मात्रा से ज्यादा का गोल्ड बरामद हुआ है। इनमें सोने के 2 कंगन, कुछ महंगी घड़ियां और कई कीमती सामान मिले हैं। क्रिकेटर ने इसका डिक्लेरेशन नहीं किया था। मुंबई इंडियंस ने 10 नवंबर को आईपीएल खिताब जीता था। टीम के टीम के खिलाड़ी आज यानी 12 नवंबर को ही संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से स्वदेश लौटे हैं।
क्रुणाल साल 2016 में मुंबई इंडियंस से जुड़े हैं। तब से अब तक वह आईपीएल में 55 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 891 रन बनाए हैं और 40 विकेट लिए हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज क्रुणाल बॉलिंग ऑलराउंडर हैं। वे भारतीय टीम के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट भी खेल चुके हैं। उन्होंने टीम इंडिया के लिए 18 टी20 मुकाबले भी खेले हैं। इसमें उन्होंने 14 विकेट लिए और 121 रन बनाए हैं। उन्होंने नवंबर 2018 में इंटरनेशनल डेब्यू किया था। क्रुणाल का आईपीएल में सर्वश्रेष्ठ स्कोर 86 रन है। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी आंकड़ा 14 रन देकर 3 विकेट है।