इंग्‍लैंड के खिलाफ कटक वनडे में युवराज सिंह की 150 रन की शतकीय पारी ने उनके पिता योगराज सिंह का गुस्‍सा शांत कर दिया है। योगराज सिंह भारतीय टीम के पूर्व कप्‍तान एमएस धोनी को नापसंद करते हैं और कई बार उन्‍होंने युवी को टीम इंडिया से बाहर किए जाने का ठीकरा धोनी पर फोड़ा है। कटक वनडे की जीत के बाद योगराज ने धोनी को माफ कर दिया। डेक्‍कन क्रॉनिकल से उन्‍होंने कहा कि धोनी को भगवान सद्बुद्धि दें। योगराज ने कहा, ”मैं चाहता था कि वह आज अपना शतक बनाए। हां, मैंने धोनी को माफ कर दिया है। जो कुछ भी उसने किया उसका फैसला भगवान करेंगे। मैंने प्रार्थना करता हूं कि जो कुछ उसने मेरे बेटे युवी के लिए किया है भगवान उसे उसके लिए माफ करें।”

उन्‍होंने आगे कहा, ”उसने (धोनी) युवी के क्रिकेट कॅरियर के तीन साल बर्बाद कर दिए। इसे वापस नहीं किया जा सकता। उसे इसका एहसास होगा और भगवान से माफी मांगेगा। मैंने हमेशा उन लोगों को माफ किया है जिन्‍होंने मेरा या मेरे बच्‍चों का बुरा किया है। भगवान महान हैं। मेरे बेटे युवी ने कड़ी मेहनत की। मैं ईश्‍वर से प्रार्थना करता हूं और हमेशा उन्‍हें धन्‍यवाद देता हूं। मेरी बड़ी बहू हेजल को बधाई हो।” योगराज ने कटक वनडे में धोनी और युवराज की पारियों की तारीफ करते हुए कहा कि वे दोनों महान क्रिकेटर और फिनिशर हैं।

गौरतलब है कि इंग्‍लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में धोनी और युवराज ने चौथे विकेट के लिए 256 रन जोड़कर टीम इंडिया को 381 रन तक पहुंचाया था। इस दौरान युवी ने छह साल बाद शतक उड़ाया और 150 रन की पारी खेली जो कि वनडे में उनका सर्वोच्‍च स्‍कोर है। उन्‍होंने 21 चौकों और तीन छक्‍कों की मदद से 14वां शतक लगाया। वहीं महेंद्र सिंह धोनी ने 122 गेंद में 134 रन की पारी खेली। उन्‍होंने छह छक्‍कों की मदद से अपना 10वां शतक पूरा किया। भारत ने कटक वनडे 15 रन से जीतकर इंग्‍लैंड के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त ले ली है।