दक्षिण अफ्रीका में भारत का कोई न कोई क्रिकेट प्लेयर नया रिकॉर्ड अपने नाम कर रहा है। वनडे मैचों में 400 शिकार करने का रिकॉर्ड अपने नाम करने वाले पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक और उपलब्धि हासिल करने के करीब पहुंच चुके हैं। T20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अब उनके निशाने पर पाकिस्तानी विकेटकीपर कामरान अकमल का रिकॉर्ड है। अकमल ने सबसे ज्यादा 32 स्टंपिंग की है। धोनी उन्हें पीछे छोड़ने से महज चार कदम दूर है। भारतीय दिग्गज क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में अब तक 29 बल्लेबाजों को स्टंप कर पवेलियन का रास्ता दिखा चुके हैँ। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बचे दो मैचों में चार स्टंपिंग करते ही वह इस मामले में शीर्ष पर आ जाएंगे। भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें सेंचुरियन के सुपर स्पोर्ट पार्क में श्रृंखला के दूसरे T20 मैच में आमने-सामने होंगी। सीरीज का पहला मैच जीतकर भारत पहले से ही 1-0 से बढ़त बनाए हुए है। इससे पहले जोहान्सबर्ग में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए पहले T20 मैच के दौरान धोनी ने T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा कैच लपकने वाले विकेटकीपर की उपलब्धि हासिल की थी। उन्होंने इस मामले में श्रीलंका के पूर्व विकेटकीपर कुमार संगकारा को पीछे छोड़ा था। संगकारा ने कुल 254 T20 मैचों में 133 कैच लिए थे। धोनी ने अपने 275वें T20 मैच में संगकारा का ये रिकॉर्ड तोड़ा था।
T20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में धोनी विकेट के पीछे शिकार करने वालों में शिखर पर हैं। वह 87 मैचों में 77 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखा चुके हैं। वनडे क्रिकेट की बात करें तो इस फॉर्मेट में भी धोनी 400 शिकार कर चुके हैं। इस मामले में उनसे कुमार संगकारा (श्रीलंका, 482), एडम गिलक्रिस्ट (ऑस्ट्रेलिया, 472) और मार्क बाउचर (दक्षिण अफ्रीका, 424) ही आगे हैं। दिलचस्प है कि ये तीनों प्लेयर्स अंतरारष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं, जबकि महेंद्र सिंह धोनी अभी भी मैदान में डटे हुए हैं। ऐसे में महेंद्र सिंह धोनी के पास एकदिवसीय मैचों का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम पर करने का मौका है। धोनी विकेट-कीपर के साथ एक बेहतरीन बल्लेबाज भी हैं। बता दें कि धोनी ने वनडे और T20 मैचों पर फोकस करने के चलते टेस्ट मैचों को पहले ही अलविदा कह चुके हैं।
