कोविड-19 के चलते लॉकडाउन में शिखर धवन अपने परिवार संग क्वालिटी टाइम बिता रहे हैं। घर में वह ज्यादातर वक्त बेटे जोरावर संग मस्ती करते नजर आते हैं। वह आए दिन हीजोरावर के साथ की गई नादानियों को फैंस के साथ साझा करते रहते हैं। ताजा घटनाक्रम में धवन का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वह बेटे जोरावर और पत्नी आयशा संग गायों को खाना खिलाते दिख रहे हैं।
पिछले दिनों ही सरकार ने लॉकडाउन में थोड़ी रियायत दी, तो धवन परिवार संग बाहर निकले। इस दौरान उन्हें कुछ गाय सड़क पर दिखाईं दीं। तब धवन और जोरावर कार से बाहर निकले और भूखी गायों को कुछ खिलाने लगे। वीडियो में धवन की पत्नी आयशा मुखर्जी भी नजर आ रही हैं। वीडियो को देख लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं।
धवन ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, ”एक पिता के तौर पर यह बहुत जरूरी है कि आप अपने बेटे को जीवन के सही मायने सिखाएं, खासकर उन लोगों के लिए जो जरूरत में होते हैं। इस मुश्किल समय में भूखे जानवरों को खाना खिलाना बहुत जरूरी है। यह बात अपने बेटे को सिखाते हुए मुझे बहुत गर्व हो रहा है। हर किसी से गुजारिश है कि वह अपने हिस्से की मदद करें।”
इससे पहले धवन ने एक पोस्ट शेयर की थी, जिसमें वे पिता और पुत्र को जीवन भर के लिए एक दूसरे का बेस्ट फ्रेंड बता रहे थे। धवन का एक वीडियो भी काफी वायरल हुआ है जिसमें जोरावर उनका मेकअप करता हुआ नजर आ रहा है। कोरोना के चलते खेल की गतिविधियां रुकी हुई हैं लेकिन खिलाड़ी लॉकडाउन में भी खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं।
धवन इन दिनों अपने उस बयान को लेकर भी चर्चा में हैं जिसमें उन्होंने रोहित शर्मा और उनकी जोड़ी को हिट रहने के मूल मंत्र का खुलासा किया है। धवन का कहना है, मैं उसको (रोहित शर्मा) अंडर 19 के दिनों से जानता हूं। वह एक-दो साल जूनियर था और फिर हम एक साथ आए थे। हम एक दूसरे पर भरोसा करते हैं और अच्छी दोस्ती भी हम दोनों के बीच है, जो हमारे काम आती है। हम दोनों एक दूसरे के स्वभाव और किरदार को जानते हैं। मैं जानता हूं कि वह कैसा है। यह बहुत गर्व करने वाली बात है कि हमने मिलकर भारत के लिए अच्छा किया है।”
https://www.instagram.com/p/CA7kIblDdHi/
34 साल के शिखर धवन का कहना है कि मैदान के बाहर की उनकी और रोहित की केमिस्ट्री काम आती है। उन्होंने कहा है, “जब एक दूसरे के साथ सामंजस्य होता है तो यह दोनों को पॉजिटिव वाइब्स मिलती हैं। जब भी मुझे अपनी बल्लेबाजी से कोई समस्या आती है, मैं उससे पूछता हूं। हमारे बीच में एक मजबूत संचार चल रहा होता है। हम साल में 230 दिन एक साथ यात्रा करते हैं। इसलिए पूरी टीम इंडिया एक बड़ा परिवार है।”

