पूर्व क्रिकेटर वीरेद्र सहवाग ने रविवार(5 मार्च) की रात को ट्वीट के जरिए गुगली डालते हुए सोशल मीडिया यूजर्स को हैरान कर दिया। उन्‍होंने ट्वीट में लिखा कि कल विराट रिटायर हो रहे हैं। हालांकि उनका यह ट्वीट भारतीय क्रिकेट टीम के कप्‍तान विराट कोहली पर नहीं बल्कि भारतीय नेवी के युद्धपोत आईएनएस विराट को लेकर था। बता दें कि आईएनएस विराट 30 साल तक नेवी के लिए सेवा देने के बाद सोमवार (6 मार्च) को रिटायर होने जा रहा है। सहवाग ने अपने ट्वीट में लिखा, ”विराट कल रिटायर हो रहे हैं। पुराने जहाज कभी मरते नहीं, उनकी आत्‍मा जिंदा रहती है। #INSViraat- 30 साल तक भारतीय नौसेना की सेवा करने के बाद कल सेवा से हट रहा है।”

वीरेंद्र सहवाग के ट्वीट के बाद भारतीय नौसेना के प्रवक्‍ता की ओर से भी ट्वीट किया गया। इसमें सहवाग को टैग किया गया था। उन्‍होंने लिखा, ”सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाला लड़ाकू विमान पोत आईएनएस विराट भारतीय नौसेना केा कल अलविदा कहेगा।” गौरतलब है कि आईएनएस विराट का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्‍ड रिकॉर्ड में भी शामिल है। इसे ग्रेट ओल्‍ड लेडी के नाम से भी जाना जाता है। 80 के दशक में नौसेना ने इसे साढ़े छह करोड़ डॉलर में इसे ब्रिटेन से खरीदा था। भारतीय नौसेना से पहले यह 27 साल तक ब्रिटेन की रॉयल नेवी में रहा। इसका पहले नाम एचएमएस हर्मिज था। ब्रिटेश नौसेना में यह 1959 से 1984 तक सेवारत रहा। खबरों के अनुसार, इस युद्धपोत को खरीदार ना मिलने पर अगले चार महीने में तोड़ दिया जाएगा। पिछले साल अक्‍टूबर में इसने कोच्चि से मुंबई तक का आखिरी सफर किया था।

सहवाग टि्वटर पर म‍जाकिया अंदाज में मुद्दों को उठाने के लिए जाने जाते हैं। वे टि्वस्‍ट के साथ ट्वीट करते हैं। इसके चलते सोशल मीडिया पर वे काफी लोकप्रिय भी हो गए हैं। हालांकि कुछेक बार इस तर‍ह के ट्वीट के चलते सहवाग मुसीबत में भी पड़ चुके हैं। पिछले दिनों दिल्‍ली यूनिवर्सिटी की छात्रा गुरमेहर कौर का परोक्ष रूप से मजाक बनाने पर कुछ पत्रकारों, साहित्‍यकारों ने उनकी आलोचना की थी। हालांकि बाद में सहवाग ने बताया था कि उन्‍होंने गुरमेहर का मजाक नहीं बनाया।