भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट के दूसरे दिन भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। भारत ने पहले बल्ले से और फिर गेंद से शानदार प्रदर्शन कर दक्षिण अफ्रीका को बैकफुट पर धकेल दिया। इस मैच में सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अपने टेस्ट करीयर का पहला दोहरा शतक जड़ा। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा तेज गेंदबाज उमेश यादव की हुई। रविवार को उमेश पूरा दिन सुर्खियों में बने रहे। इसकी वजह उनकी गेंदबाजी नहीं बल्कि बल्लेबाजी थी। उमेश ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 10 गेंदों में 5 छक्के की मदद से 31 रन ठोके। इसी के साथ उमेश ने अद्भुत रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

रवींद्र जडेजा के आउट होने के बाद क्रीज पर आए उमेश ने पहली दो गेंदों पर छक्के लगाकर अपनी बल्लेबाजी की शुरुआत की। उमेश यादव ने अफ्रीकी स्पिनर जॉर्ज लिंडे को अपना निशाना बनाया। अपना पहला मैच खेल रहे जॉर्ड लिंडे के दूसरे ओवर में यादव ने तीन छक्के जड़े। उमेश 10 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हो गए। टेस्ट क्रिकेट में यह उनका अधिकतम स्कोर है। इसी के साथ वे सबसे तेज 30 या उससे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

इस मामले में उन्होंने न्यूज़ीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग को पीछे छोड़ दिया है। फ्लेमिंग ने 1998 में 11 गेंदों में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 31 रन बनाए थे। उनके अलावा पाकिस्तान के ऑलराउंडर अब्दुर रज्जाक ने जिंबाब्वे के खिलाफ 2011 में 17 गेंदों में 43 रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया के डब्ल्यूपी हॉल ने 15 गेंदों में 35 रन की पारी खेली थी। अपने इस पारी के दौरान उमेश यादव का स्ट्राइक 310.00 रहा। यह 10 या उससे अधिक गेंदें खेलने के बाद टेस्ट इतिहास में सबसे अधिक स्ट्राइक रेट है।