भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों अपना ज्यादा से ज्यादा समय परिवार के साथ बिता रहे हैं। धोनी को श्रीलंका में होने वाले निदास ट्रॉफी से आराम दिया गया था। दो साल बाद एक बार फिर धोनी इस साल आईपीएल में चेन्नई की कप्तानी करते नजर आएंगे। धोनी अक्सर किसी ना किसी इवेंट्स में शिरकत करते नजर आ जाते हैं। ऐसे ही एक इवेंट् में जब धोनी पहुंचे तो वहां मौजूद फैन्स में से एक धोनी के पास स्टेज पर आते ही उनके कदमों में गिर गया। दरअसल, धोनी उन्हें एक छोटा सा बल्ला अवॉर्ड के रूप में दे रहे थे, लेकिन फैन का ध्यान अवॉर्ड पर कम और धोनी पर ज्यादा था। वह धोनी से गले लगने के बाद काफी भावुक नजर आया, उसके चेहरे पर यह भाव देख धोनी ने उसे उठाकर गले से लगाया और अवॉर्ड भेंट किया। इसके बाद धोनी ने इस खास फैन के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। अवॉर्ड लेकर जब फैन जाने लगा तो वह एक बार फिर धोनी के पैर को छूना चाह रहा था, लेकिन स्टेज पर मौजूद लोगों ने उसे बाहर जाने के लिए कहा। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब धोनी के किसी फैन ने पैर छुआ हो, इससे पहले भी इस तरह की कई घटनाएं होती रही है।

अजुर्न पुरस्कार, राजीव गांधी खेल रत्‍न पुरस्कार और पद्मश्री से सम्मानित धोनी की बेटी की तस्वीरें अक्सर ही सोशल मीडिया पर वायरल हो जाती हैं।

मैच के दौरान भी जब धोनी बल्लेबाजी कर रहे थे तो एक फैन ने सुरक्षाकर्मी के होते हुए स्टेडियम में आकर उनके पैर छुए थे। इसके अलावा नेट प्रैक्टिस के दौरान भी कई बार फैन्स धोनी के साथ ऐसा कर चुके हैं। धोनी अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी से भारत में एक अलग ही मुकाम हासिल करने में कामयाब रहे हैं। दो बार देश को वर्ल्डकप दिलाने वाले धोनी इकलौते कप्तान हैं। धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम कई नए मुकाम हासिल करने में कामयाब रही है।

धोनी आईपीएल में इसा साल एक बार फिर चेन्नई की कप्तानी करते नजर आएंगे। पिछले साल धोनी पुणे की टीम का हिस्सा जरूर थे, लेकिन टीम की कप्तानी ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज स्टीव स्मिथ कर रहे थे। ऐसे में इस साल धोनी के पास एक बार फिर खुद को साबित करने का शानदार मौका होगा। धोनी के फैन्स बी यही चाहेंगे कि धोनी अपनी कप्तानी में चेन्नई को चैंपियन बनाने का काम करें।