Board’s 88th Annual General Meeting (AGM): भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के इंटरनैशनल क्रिकेट से संन्यास को लेकर पिछले काफी समय से अटकलें लगाई जा रही हैं। उनकी वापसी पर कभी टीम के कोच रवि शास्त्री अभी और इंतजार की बात कहते हैं तो कभी मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद कहते हैं कि वह धोनी से आगे का सोच रहे हैं। धोनी से उनके इस लंबे आराम पर जवाब मांगा गया था तो उन्होंने हाल में कहा कि इस पर उनसे जनवरी तक कुछ मत पूछिए। बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली से जब पूछा गया कि क्या धोनी अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप में हिस्सा लेंगे, तो बीसीसीआई अध्यक्ष ने कहा, ‘‘कृपया धोनी से पूछें।’ धोनी जुलाई में इंग्लैंड में वनडे विश्व कप में भारत के सेमीफाइनल में बाहर होने के बाद से ही नहीं खेल रहे हैं।

धोनी वेस्टइंडीज दौरे पर नहीं गए और इसके बाद दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू सीरीज में भी नहीं खेले। गांगुली से जब एक पत्रकार ने धोनी की टी20 विश्व कप में खेलने की संभावना के बारे में पूछा तो उनका सीधा जवाब था, ‘‘कृपया धोनी से पूछें।’ गांगुली बोर्ड की 88वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) के बाद संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। धोनी ने खुद कहा था कि वह टीम से बाहर रहने के बारे में जनवरी तक जवाब नहीं देंगे।

हालांकि, सौरव गांगुली ने कुछ दिन पहले कहा था कि महेंद्र सिंह धोनी के भविष्य पर फैसला करने के लिए अभी पर्याप्त समय है। गांगुली ने कहा था कि धोनी के भविष्य पर कुछ महीनों में चीजें स्पष्ट हो जाएंगी। वहीं भारत के मुख्य कोच रवि शास्त्री ने कहा था कि आईपीएल 2020 से धोनी के भविष्य को लेकर स्पष्ट तस्वीर का पता चल जाएगा।

इस बारे में जब गांगुली से पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘हम देखेंगे कि क्या होता है। सभी कुछ स्पष्ट है लेकिन कुछ बातों पर सार्वजनिक तौर पर चर्चा नहीं की जा सकती। अभी पर्याप्त समय है। निश्चित तौर पर (कुछ महीनों में) तस्वीर साफ हो जाएगी।’(भाषा इनपुट के साथ)