Team India opener Shikhar Dhawan Birthday Special: टीम इंडिया के ओपनर शिखर धवन आज अपना 34वां जन्मदिन मना रहे हैं। धवन मैदान पर अक्सर खिलाड़ियों के साथ हंसी-मजाक करते दिखाई पड़ते हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए एक इंटरव्यू में धवन ने अपनी वाइफ आयशा धवन को लेकर मजेदार खुलासा किया था। धवन ने बताया था कि जब वह मैदान पर फ्लॉप होते हैं तो कोच से ज्यादा आयशा उन पर गुस्सा होती हैं।
धवन ने कहा था, ‘मैं अपनी वाइफ के साथ क्रिकेट पर अक्सर चर्चा करता रहता हूं। अपनी खेल में सुधार लाने के लिए आयशा का विचार मेरे लिए बेहद अहम होता है। हम दोनों इस मामले पर काफी गंभीरता से बात करते हैं। आयशा ने मेरी सोच को बदलने में काफी मदद की, अब मैं समझदारी के साथ खेलने की कोशिश करता हूं।’ बता दें कि पिछले चार वर्षों में भारतीय शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने मध्यक्रम की तुलना में 6030 रन अधिक बनाए हैं।
आयशा शिखर से उम्र में दस साल बड़ी हैं। आयशा खुद एमेच्योर बॉक्सर हैं। वे नेशनल नेवल पर कई मैच खेल चुकी हैं। आयशा के पिता बंगाल से हैं, जबकि मां ब्रिटिश। आयशा का जन्म ऑस्ट्रेलिया में हुआ था। उनके पास वहां की नागरिकता भी है। वे अपनी फिटनेस पर बेहद ध्यान देती हैं। शिखर धवन का मैच देखने आयशा अक्सर स्टेडियम पहुंच जाती हैं। आयशा को टैटू का बेहद शौक है। उन्होंने अपनी कमर और बांह पर टैटू बनवा रखा है।
शिखर धवन को आयशा पहली नजर में ही पंसद आ गई थीं। दोनों की लव स्टोरी फेसबुक से शुरू हुई थी। दोनों के इस प्यार को भारतीय टीम के टर्बनेटर हरभजन सिंह ने अंजाम तक पहुंचाया। हरभजन ने ही सबसे पहले शिखर को आयशा की तस्वीर दिखाई थी। तस्वीर देखते ही शिखर को आयशा पंसद आ गईं थीं। हरभजन ने शिखर को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजने को कहा। इसके बाद धवन ने आयशा को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। आयशा ने तुरंत फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार भी कर ली थी।


