विश्व के महानतम क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने अपने शानदार खेल से करोड़ों लोगों का दिल जीता है। 26 मई को उनकी बायोपिक सचिन- अ बिलियंस ड्रीम्स रिलीज होने जा रही है। सोमवार को इसका पहला गाना ‘हिंद मेरे जिंद है’ रिलीज हुआ। इस गाने को एआर रहमान ने गाया है। देशभक्ति से ओत-प्रोत ये गाना सचिन के जुनून की झलक दिखलाता है। इसमें उनकी पत्नी अंजलि, गुरु रमाकांत आचरेकर और सबसे बड़े फैन सुधीर कुमार नजर आ रहे हैं। साथ ही गाने में नन्हें सचिन को प्रैक्टिस कराते उनके भाई भी दिख रहे हैं। इसमें उनकी शादी की फुटेज और विश्व कप 2003 में शोएब अख्तर की गेंद पर लगाया गया छक्का भी दिखाया गया है।

सचिन की फिल्म का यह गाना एआर रहमान ने ट्वीट किया, जिसके बाद सचिन ने उन्हें जवाब दिया कि हम भारत के बेटे हैं यह हमारे लिए गर्व की बात है। मेरी फिल्म के लिए गाना गाने के लिए धन्यवाद।

बता दें कि फिल्म “सचिन -अ बिलियन ड्रीम्स” का ट्रेलर पहले ही रिलीज कर दिया गया है। 2 मिनट 13 सेकेंड के इस वीडियो में आपको सचिन तेंदुलकर के अलावा महेंद्र सिंह धोनी भी नजर आएंगे। देखना यह होगा कि क्या धोनी फिल्म में भी नजर आते हैं। ट्रेलर को यूट्यूब चैनल 200 नॉट आउट से रिलीज किया गया है। फिल्म सचिन तेंदुलकर की बायोपिक है तो जाहिर तौर पर इसमें सचिन तेंदुलकर की जिंदगी से जुड़े कई ऐसे सवालों के जवाब आपको मिलेंगे जो शायद आपके जेहन में सचिन के बारे में रहे होंगे। महेंद्र सिंह धोनी के बाद यह किसी दिग्गज भारतीय क्रिकेटर पर हाल में बनी दूसरी बायोपिक है। धोनी की बायोपिक में जहां सुशांत सिंह राजपूत ने महेंद्र सिंह धोनी की भूमिका निभाई थी वहीं इस फिल्म सचिन खुद एक्ट करते नजर आएंगे।

फिल्म का प्रोडक्शन किया है भागचंदका ने। फिल्म को कुल 5 भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। यह फिल्म मराठी, हिंदी, अंग्रेजी तमिल और तेलुगू भाषाओं में देखने को मिलेगी। फिल्म में आपको सचिन की निजी जिंदगी से जुड़े कई ऐसे दृश्य भी देखने को मिलेंगे जो इससे पहले कभी भी दुनिया के सामने नहीं आए हैं।