साउथ अफ्रीका दौरे में खराब फॉर्म के चलते आलोचना के शिकार हुए रोहित शर्मा ने 13 फरवरी को पांचवें वनडे में दम दिखाया। उन्होंने न केवल शतक बनाया, बल्कि एक मामले में सचिन तेंदुलकर से भी आगे निकल गए। उन्होंने अपने वनडे कॅरिअर का 17वां शतक ठोंका। 107 गेंदों में उनका शतक पूरा हुआ। पोर्ट एलिजाबेथ में रोहित ने 10 चौके और 4 छक्के जड़ कर शतक पूरा किया। इसके साथ ही वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के मामले में सचिन तेंडुलकर से आगे निकल गए। सचिन के नाम क्रिकेट के तीनो फॉरमैट में कुल 264 छक्के दर्ज हैं। रोहित ने अपनी शतकीय पारी खेलते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में छक्कों की संख्या को 266 (शतक पूरा करने तक का आंकड़ा, पारी पूरी करने का नहीं) तक पहुंचा दिया। रोहित ने टेस्ट में 29, वनडे में 170* और अंतरराष्ट्रीय टी-20 में 67 छक्के जड़े हैं।
धोनी हैं नंबर 1: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले भारत के खिलाड़ियों में महेंद्र सिंह धोनी का नाम सबसे ऊपर है। उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 338 छक्के मारे हैं। इस मामले में टॉप 5 खिलाड़ी ये हैं- एमएस धोनी (338), रोहित शर्मा (266), सचिन तेंदुलकर (264), युवराज सिंह (251), सौरव गांगुली (247)।
दक्षिण अफ्रीका के कप्तान ए़िडन मार्कराम ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। रोहित शर्मा और शिखर धवन ने शुरुआती ओवर से ही दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों पर दबाब डालना शुरू किया और तेजी से रन बनाए। रोहित ने 115 तो वहीं शिखर 34 रन बनाने में कामयाब रहे।