इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का 12वां संस्करण ख़त्म होने वाला है। इसका फाइनल मुकाबला रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच हैदराबाद में खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बेटी ज़ीवा धोनी एक बार फिर से लाइमलाइट में हैं। जीवा के इंस्टाग्राम से एक वीडियो शेयर किया गया हैं। जिसमें उन्हें भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को हिंदी सिखाते हुए देखा जा सकता है।
पंत को हिंदी के स्वरों का पाठ करते देखा जा सकता है। वे जीवा के साथ स्वर पढ़ रहे हैं। जीवा अ, आ, इ, ई, उ, ऊ,ओ, औ बोलती हैं और पंत उनके पीछे बोलते हैं। आखिरी में जीवा पंत से पूछती हैं ए, ऐ, कहा गया। तो पंत बोलते हैं अपने नहीं बोला। इसपर जीवा बोलती हैं अपने ए, ऐ, खा लिया। जीवा का ये वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को अबतक 9 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं। वहीं इस में ढेरों कमेंट आए हैं।
बता दें शुक्रवार को दूसरे क्वालीफ़ायर में दिल्ली कैपिटल्स चेन्नई सुपर किंग्स से हारकर आईपीएल से बाहर हो गई थी। चेन्नई के स्पिनरों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली को 20 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 147 रनों से आगे नहीं जाने दिया। इस लक्ष्य को चेन्नई ने शेन वाटसन और फाफ डु प्लेसिस द्वारा दी गई अच्छी शुरुआत के दम पर हासिल कर लिया।

