साल 2014 के आॅस्ट्रेलियाई दौरे पर महेंद्र सिंह धोनी ने टेस्ट कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था और चयनकर्ताओं को अगला टेस्ट कप्तान घोषित करने में देर नहीं लगी। विराट कोहली इस पद के लिए सबसे उपयुक्त पसंद थे और उन्हें भारतीय टेस्ट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया। विराट कोहली ने यह जिम्मेदारी संभालने के बाद अपनी कप्तानी में भारत को लगातार छह टेस्ट सीरीज में जीत दिलाई, टेस्ट में नंबर एक टीम बनाया और 19 टेस्ट मैचों तक टीम इंडिया अपराजेय रही। टेस्ट टीम की कप्तानी संभालने के बाद विराट कोहली का क्रिकेट के इस फॉर्मेट में प्रदर्शन भी लाजवाब रहा। यह दौर सफलता का था। पुणे टेस्ट मैच में स्टीव स्मिथ की कप्तानी वाली आॅस्ट्रेलियाई टीम ने भारत को 333 रनों से हरा दिया और विराट कोहली की कप्तानी में भारत की यह अब तक की सबसे बड़ी हार थी।

इस हार से पहले विराट कोहली ने टेस्ट मैचों में कप्तान के रूप में कई सफलताएं दर्ज की और रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया। लेकिन, इस एक हार के साथ ही विराट कोहली कप्तान के रूप मेंएक ऐसा रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए जो भारतीय क्रिकेट के इतिहास में आज तक सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी ही कर पाए हैं। महेंद्र सिंह धोनी कप्तानी में भारत को आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ होम टेस्ट सीरीज में कभी हार का सामना नहीं करना पड़ा। भारत ने उनकी कप्तानी में आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ घर में खेले गए 8 टेस्ट मैचों में जीत दर्ज की और एक भी मैच नहीं हारा। भारत ने धोनी की कप्तानी में आॅस्ट्रेलिया को 2008-09 और 2010-11 में खेली गई चार टेस्ट मैचों की होम सीरीज में 2-0 के अंतर से मात दी।

वहीं, साल 2012-13 में भारत दौरे पर आई आॅस्ट्रेलियाई टीम को टेस्ट सीरीज में 4-0 से क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था। इसी सीरीज में महेंद्र सिंह धोनी ने टेस्ट मैचों में अपना इकलौता दोहरा शतक जड़ा था। वर्तमान टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में हार के साथ ही विराट कोहली अब महेंद्र सिंह धोनी के इस रिकॉर्ड को कभी नहीं तोड़ पाएंगे। पुणे में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम स्पिनरों की मददगार पिच पर पूरी तरह नतमस्तक हो गई और आॅस्ट्रेलिया के युवा स्पिनर स्टीव ओ कीफे ने मैच में कुल 12 विकेट लेकर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। भारत को आॅस्ट्रेलिया ने 333 रनों से हराकर चार टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर लिया। टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला 4 मार्च से बेंगलुरू में शुरू होगा।

खेल जगत की अन्य महत्वपूर्ण और दिलचस्प खबरों के लिए क्लिक करें…