Mumbai Indians release Mayank Markande: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस टीम ने युवा स्पिनर मयंक मार्कंडेय को दिल्ली कैपिटल्स को दे दिया है। अगले साल मयंक दिल्ली की ओर से खेलते नजर आएंगे। साल 2017 में मयंक ने मुंबई की ओर से धमाकेदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने अपनी गेंदबाजी से टीम को कई अहम मौकों पर मैच में वापस लाने का काम किया था। मयंक के लिए साल 2018 कुछ खास नहीं गुजरा। हालांकि, उन्हें मुंबई ने इस सीजन अधिकतर मैचों में प्लेइंग इलेवन से बाहर ही रखा। मयंक की जगह दीपक चहर को अधिक से अधिक मैचों में मौका दिया गया। मुंबई इंडियंस ने बुधवार को अदलाबदली करते हुए वेस्टइंडीज के आल राउंडर शेरफेन रदरफोर्ड को अपनी टीम में लेकर उनकी जगह मयंक को दिल्ली कैपिटल्स को दिया है। मुंबई इंडियंस ने मार्कंडेय को दिल्ली कैपिटल्स को रिलीज किया है और इसके बदले में गयाना के खिलाड़ी को अपनी टीम में शामिल किया है।

मुंबई इंडियंस के मालिक आकाश अंबानी ने बयान में कहा, ‘‘हम मयंक को भविष्य के लिये शुभकामनायें देते हैं। मयंक काफी प्रतिभाशाली है और हम भाग्यशाली हैं कि हमने उसे खोजकर उसकी प्रतिभा को निखारा है। यह हमारे लिये काफी मुश्किल फैसला है, लेकिन हम बेहतरीन क्रिकेट संभावनाओं के लिये मंयक को रिलीज कर रहे हैं और जानते हैं कि मयंक भारतीय क्रिेकट के लिये एक अन्य उभरता हुआ सितारा बनने के करीब है। वह हमेशा मुंबई इंडियंस परिवार का हिस्सा रहेगा। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रतिभाशाली शेरफेन का हमारे परिवार में स्वागत करने के लिये उत्साहित हैं। शेरफेन ने अपनी हरफनमौला प्रतिभा और मैच में जीत दिलाने वाले रवैये ने हमें प्रभावित किया है।’ बता दें कि पिछले सीजन शेरफेन रदरफोर्ड ने दिल्ली की ओर से अंत में आकर कुछ मैचों के दौरान ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की थी। मुंबई उम्मीद करेगी साल 2020 रदफोर्ड के लिए और बेहतर साबित हो। (भाषा इनपुट के साथ)