IND vs RSA, 3rd Test, South Africa tour of India, 2019: भारतीय पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पिछले कुछ समय से क्रिकेट से दूरी बना रखी है। धोनी इंग्लैंड की मेजबानी में खेले गए वर्ल्ड कप के बाद से ही टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं। मंगलवार को भारतीय टीम ने रांची में दक्षिण अफ्रीका को तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच में पारी और 202 रन से हराकर सीरीज में 3-0 से क्लीनस्वीप किया। भारत को इस जीत से 40 अंक मिले और उसने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के अपने सभी पांचों मैच जीतकर 240 अंक के साथ शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। इस शानदार जीत के बाद महेंद्र सिंह धोनी भी खिलाड़ियों के साथ जीत का जश्न मनाने ड्रेसिंग रूम पहुंचे। धोनी ने कोच रवि शास्त्री के साथ एक तस्वीर भी खिंचवाईं। वहीं भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने धोनी की एक तस्वीर ट्वीट की है जिसमें वह शाहबाज नदीम से बात कर रहे हैं। बता दें कि रांची में खेला गया यह मैच नदीम का यह डेब्यू टेस्ट था।
धोनी ने आराम करने की बात कहते हुए विश्व कप के बाद से एक भी सीरीज में हिस्सा नहीं लिया है। धोनी के बचपन के दोस्त और झारखंड के पूर्व कप्तान मिहिर ने कुछ दिन पहले कहा था कि धोनी पक्का इस मैच को देखने के लिए स्टेडियम पहुंचेगे। टेस्ट मैच देखने के लिए धोनी आएंगे इस बात की चर्चा शनिवार 19 अक्टूबर मैच के पहले दिन से ही हो रही थी। रांची धोनी का अपना घर है और वह मुंबई से शनिवार को ही रांची के लिए निकल गए थे।
हालांकि, टेस्ट मैच के शुरुआती तीन दिन धोनी के स्टेडियम में नहीं होने से उनके फैंस खुश नहीं थे। विश्व कप के बाद से ही धोनी के संन्यास की खबरें जोरों पर हैं। हाल ही में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के भावी अध्यक्ष सौरभ गांगुली कहा था कि वह दो बार के विश्व विजेता कप्तान से उनके भविष्य को लेकर बात करेंगे।
Great to see a true Indian legend in his den after a fantastic series win #Dhoni #TeamIndia #INDvsSA pic.twitter.com/P1XKR0iobZ
— Ravi Shastri (@RaviShastriOfc) October 22, 2019


