पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पिछले कुछ महीनों से क्रिकेट से दूर हैं। क्रिकेट के मैदान से दूर रहने के बावजूद किसी न किसी वजह से आए दिन सुर्खियों में बने रहते हैं। वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ धोनी ने भारत की ओर से अपना आखिरी मैच खेला था। ऐसा माना जा रहा था कि धोनी अब संन्यास ले लेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। रविवार (8 दिसंबर) को वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की हार के बाद एक बार फिर फैंस को टीम में धोनी की कमी महसूस हुई। युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत एक बार फिर विकेट के पीछे नाकाम नजर आए। पंत से कैच छूटने के बाद स्टेडिय़म में मौजूद दर्शक जोर-जोर से धोनी-धोनी के नारे लगाने लगे।

धोनी मैदान पर वापसी कब तक करेंगे इस बात को लेकर अभी तक किसी ने भी स्पष्ट बयान नहीं दिया है। कोच रवि शास्त्री, बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली और कप्तान कोहली लगातार धोनी के सवालों से बचते नजर आए। वहीं धोनी का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। धोनी इस वीडियो में 1976 में आई अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘कभी-कभी’ का गाना गाते दिखाई पड़ रहे हैं।

फिल्म ‘कभी-कभी’ का मशहूर गाना ‘मैं पल दो पल का शायर हूं..’ इससे पहले भी धोनी कई मौके पर गा चुके हैं। धोनी को लेकर एक करीबी सूत्र ने कहा था कि वह अगले साल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के बाद अपने भविष्य को लेकर फैसला करेंगे। वर्ल्ड कप के बाद से ही धोनी वेस्ट इंडीज दौरे पर नहीं गए और इसके बाद साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू सीरीज में भी उन्होंने हिस्सा नहीं लिया।

धोनी अगले सीजन एक बार फिर आईपीएल में चेन्नई की कप्तानी करते नजर आएंगे। चेन्नई की टीम ने दूसरी टीमों के मुकाबले बेहद कम बदलाव किए हैं। ऐसे में धोनी अपने पुराने खिलाड़ियों के साथ फिर आईपीएल चैंपियन बनना चाहेंगे।