कैप्टन कूल के नाम से मशहूर टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की वापसी को लेकर क्रिकेट फैंस का इंतजार बढ़ता ही जा रहा है। धोनी अंतिम बार भारत के लिए वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच खेलते नजर आए थे। इस मैच में धोनी रन आउट होने के बाद बेहद मायूस होकर पवेलियन की तरफ लौटे थे। ऐसी उम्मीद जताई जा रही थी कि धोनी वर्ल्ड कप के बाद संन्यास का ऐलान कर देंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। धोनी भले ही टीम का हिस्सा न हों, लेकिन किसी न किसी वजह से वह सुर्खियों में हमेशा बने रहते हैं। सोमवार देर शाम धोनी चेन्नई में मैरिज पोर्टल भारत मैट्रीमोनी के एक कायर्क्रम में नजर आए। इस कायक्रम के दौरान एम धोनी ने लोगों के पत्नी को खुश करने का तरीका शेयर किया।
धोनी ने कहा, ‘मैं एक आइडल पति से बेहतर हूं क्योंकि मैं अपनी पत्नी को वो सबकुछ करने देता हूं जो वह चाहती हैं। शादी से पहले तक ही हर मर्द शेर रहता है।’ धोनी की इस बात को सुनकर वहां मौजूद सभी लोग जोर-जोर से हंसने लगे। धोनी के एक फैन ने इस कायक्रम का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर भी शेयर किया। एमएस धोनी फैन क्लब नामक अकाउंट पर धोनी का यह वीडियो शेयर किया है, जिसे लोग बेहद पसंद कर रहे हैं।
बता दें कि साल 2010 में धोनी ने साक्षी के साथ शादी की थी। इसके पांच साल बाद 2015 में धोनी को एक बेटी हुई। धोनी अपनी बेटी जीवा और पत्नी साक्षी के साथ अक्सर सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर करते रहते हैं। धोनी अगले साल मार्च में एशिया इलेवन के लिए खेलते नजर आ सकते हैं। रिपोर्ट की मानें तो बांग्लादेश में वर्ल्ड 11 और एशिया 11 के बीच 18 और 21 मार्च को दो टी-20 मैच खेला जाना है।
इन मैचों के लिए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने बीसीसीआई से धोनी समेत सात भारतीय खिलाड़ियों की मांग की है। धोनी के अलावा कप्तान विराट कोहली, रोहित शर्मा, हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार और रविंद्र जडेजा हिस्सा ले सकते हैं।
