टास जीतकर त्रेत्ररक्षण का फैसला श्रीलंकाई कप्तान एंजेलो मार्टिन को महंगा पड़ा और मार्टिन गुप्टिल के तीसरे शतक की मदद से न्यूजीलैंड ने श्रीलंका के खिलाफ पहले क्रिकेट टैस्ट के पहले दिन गुरुवार को बड़ा स्कोर खड़ा कर लिया। टास हारने के बाद बल्लेबाजी के लिए भेजी गई न्यूजीलैंड टीम ने आठ विकेट पर 409 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज गुप्टिल ने 156 रन का योगदान दिया जबकि केन विलियमसन ने 88 रन बनाए।
ब्रेंडन मैकुलम ने 75 रन की पारी खेली। हरे भरे विकेट को देखकर लगा था कि इस पर गेंदबाजों का सिक्का चलेगा और यही वजह थी कि श्रीलंका के कप्तान एंजेलो मैथ्यूज ने टास जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया। न्यूजीलैंड ने चाय तक दो विकेट पर 229 रन बना लिए थे लेकिन आखिरी सत्र में श्रीलंकाई गेंदबाजों ने वापसी करते हुए 180 रन देकर छह विकेट चटकाए। पहले दिन सिर्फ सात ओवर मेडन रहे। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने 57 चौके लगाए जिनमें से अकेले गुप्टिल के बल्ले से 21 चौके निकले।
गुप्टिल ने अपना तीसरा शतक 41 पारियों और चार साल बाद बनाया लेकिन वह अपने सर्वोच्च स्कोर से 33 रन पीछे रह गए। उनका सर्वोच्च स्कोर 189 रन है जो उन्होंने 2010 में बांग्लादेश के खिलाफ बनाया था। गुप्टिल ने विलियमसन के साथ 173 रन की साझेदारी की जो श्रीलंका के खिलाफ दूसरे विकेट के लिए न्यूजीलैंड की रिकार्ड साझेदारी है। इसके बाद उन्होंने मैकुलम के साथ 89 रन जोड़े। श्रीलंका के लिए सुरंगा लकमल, नुवान प्रदीप और दुष्मंता चामीरा ने दो-दो विकेट लिए।