दिग्गज कपिल देव की कप्तानी में इंडियन क्रिकेट टीम पहली बार विश्व विजेता बनी थी। 1983 में वेस्टइंडीज को हराकर टीम ने यह करनामा किया था। कपिल की गिनती विश्व के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडरों में होती है, लेकिन आपको शायद ही पता हो कि वो अपने जीवन के दो खास मौकों पर लेट हो गए थे। यहां हम आपको टीम इंडिया के सबसे बड़े नायक के क्रिकेट नहीं पर्सनल लाइफ के मजेदार किस्से बताएंगे, जिसका खुलासा उनकी पत्नी रोमी भाटिया ने कॉमेडी नाइट्स विद कपिल में किया था।
बात उस समय की है जब कॉमेडी नाइट्स विद कपिल में नवजोत सिंह सिद्धू हुआ करते थे। कपिल अपनी पत्नी रोमी और बेटी के साथ शो में पहुंचे थे। इस दौरान खुलासा हुआ था कि इंडियन क्रिकेट के दिग्गज अपनी शादी में लेट पहुंचे थे। उनकी पत्नी ने बताया कि जब उनकी बेटी हुई थी तब भी वह लेट थे। शो के दौरान रोमी और कपिल ने कई मजेदार किस्से साझा किए। इस दौरान उन्होंने यह भी बताया कि शादी के बाद वे इंग्लैंड गए थे तो राजमा बनाते हुए क्या हुआ था?
बेटी के पैदा होने पर भी लेट- शो में कपिल और उनकी की शादी का फोटो आया तो शो के होस्ट कपिल शर्मा ने रोमी से सवाल किया कि मैम आप इतने गुस्से से क्यो देख रही हैं। इसका जवाब देते हुए कपिल ने कहा कि लेट आया था इसलिए गुस्से से देख रही हैं। इसके बाद रोमी ने कहा कि यह सच है कि कपिल शादी में लेट से आए थे। इसके अलावा शादी के 15 साल जब बेटी हुई तब भी लेट आए थे।
बारात ठीक टाइम पर पहुंच जाए ऐसा हो ही नहीं सकता- कपिल देव ने आगे कहा कि पंजाब में शादी हो और ठीक टाइम पर बारात पहुंच जाए ऐसा हो ही नहीं सकता। इस दौरान कपिल ने हनीमून का भी किस्सा बताया था। उन्होंने यह भी बताया कि रोमी को शादी से पहले गैस जलाने और चाय तक बनाने नहीं आता था। इसके बारे में उन्हें मुंबई में पहली बार उनके घर जाने पर पता चला था।
इंग्लैंड में राजमा बनाने की कोशिश- कपिल ने हनीमून का किस्सा बताते हुए कहा कि शादी के बाद वो अपनी पत्नी रोमी के साथ सीधे इंग्लैंड चले गए थे। उन्होंने बताया यहां रोमी ने राजमा बनाने की कोशिश की और नहीं बन पाया। पूर्व भारतीय कप्तान ने बताया कि रोमी ने कहा कि वो राजमा बनाएंगी। कपिल और मोहिंदर अमरनाथ एक्सरसाइज करने चले गए। लंदन से उनकी पत्नी ने मुंबई में अपने कुक फोन किया और पूछा कि राजमा कैसे बनाते हैं। कुक ने बताया कि दो सीटी बजने पर कूकर खोलना होगा। पहली ही सीटी में छत लाल हो गया। इसके बाद कपिल ने घर साफ किया। रोमी को ये बात दिल पर लग गई और उन्होंने फिर खाना बनाना सीखा।