तमिलनाडु के एक हैंडलूम कारीगर ने अपनी कारीगरी से टीम इंडिया पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का दिल जीत लिया। उसने माही और उनकी बेटी जीवा की एक तस्वीर को कपड़े पर उकेर दिया। इसे देखकर चेन्नई सुपककिंग्स के कप्तान इतने भावुक हुए कि वह इसे लेने खुद इरोड़ पहुंच गए। यह दुकान एक क्रिकेट फैन चलाता है।

धोनी ने इस तस्वीर के साथ फोटो भी खिंचवाई है। रेलवे एंड टेक्सटाइल मिनिस्टर दर्शना जरदोश ने ट्विटर पर इसकी फोटो शेयर की है। उन्होंने लिखा, ” इरोड में चेन्नीमलाई समुदाय के बुनकर मिस्टर अप्पुसामी वन स्टेशन वन प्रोडक्ट हैंडलूम स्टॉल चलाते हैं। इस क्रिकेट प्रशंसक ने एमएस धोनी की उनकी बेटी के साथ एक कपड़े पर फोटो बनाई थी। जैसे ही यह खबर धोनी तक पहुंची, उन्होंने स्वयं उसे लिया। “

दिव्यांग प्रशंसक से मिले थे धोनी- बता दें कि हाल ही में महेंद्र सिंह धोनी ने रांची हवाई अड्डे पर एक दिव्यांग प्रशंसक से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की थी। एक इंस्टाग्राम पोस्ट में उस दिव्यांग प्रशंसक ने सीएसके के कप्तान को उनसे मिलने के लिए अपना कीमती समय निकालने के लिए धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया था।

आईपीएल 2022 में चेन्नई का प्रदर्शन- आईपीएल 2022 में धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। टीम टूर्नामेंट में 9वें स्थान पर रही। शुरुआत में टीम की कमान ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा को दी गई थी। उन्होंने बीच में ही कप्तानी धोनी को फिर से सौंप दी थी। इसके बाद चोटिल होने के कारण वह आईपीएल से बाहर हो गए थे।

केवल आईपीएल में खेलते हैं धोनी- धोनी ने 15 अगस्त 2020 को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके बाद से वह सिर्फ आईपीएल में खेलते नजर आते हैं। उन्होंने आईपीएल 2022 के एक मैच दौरान पुष्टि की कि वह आईपीएल 2023 में भी खेलते नजर आएंगे। आईपीएल 2021 में माही की कप्तानी में चेन्नई की टीम चौथी बार खिताब जीती थी।