संदीप भूषण
नए कप्तान श्रेयस अय्यर की तूफानी पारी (93)के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर दिल्ली डेयरडेविल्स ने फिरोजशाह कोटला मैदान पर शुक्रवार को खेले गए मैच में कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ 55 रन से दिलेरी भरी जीत दर्ज की। दिल्ली के लिए अय्यर के अलावा पृथ्वी शॉ ने अर्धशतकीय पारी खेली। दिल्ली ने कोलकाता के सामने 220 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था। दिल्ली के गेंदबाजों ने अमित मिश्रा की अगुआई में केकेआर के धार को कुंद कर दिया। मिश्रा के अलावा ट्रैंट बोल्ट, ग्लेन मैक्सवेल, आवेश खान ने दो-दो विकेट अपने नाम किए। शुक्रवार के मैच में शिवम मावी को छोड़ दें तो दोनों टीमों से खेल रहे अंडर-19 के बल्लेबाजों नें खूब महफिल लूटी। दिल्ली के लिए पृथ्वी शॉ तो कोलकाता के लिए शुभमान गिल (37) ने समझदारी और सब्र से बल्लेबाजी करते हुए उपयोगी रन बटोरे।
केकेआर की पारी में कुछ आकर्षक था तो वह आंद्रे रसल का छक्का और गिल की समझदारी। बाकी उनका कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेला पाया। इससे पहले कप्तान श्रेयस अय्यर और ग्लेन मैक्सवेल की 18 गेंद में 27 रन की साझेदारी की बदौलत दिल्ली ने कोलकाता के खिलाफ चार विकेट गंवाकर 219 रन का स्कोर खड़ा किया। यह आइपीएल के इस सत्र का सबसे बड़ा स्कोर है। अंडर-19 टीम के तेज गेंदबाज शिवम मावी सबसे महंगे गेंदबाज रहे जिन्होंने चार ओवर में एक विकेट लेकर 58 रन दिए। उन्होंने अपने और पारी के आखिरी ओवर में 29 रन खर्च किए जिसमें चार गगनचुंबी छक्के शामिल हैं। ये चारों अय्यर के बल्ले से निकला। गौतम गंभीर आज के मैच में नहीं खेल रहे थे। सलामी बल्लेबाज कोलिन मुनरो (32) और अंडर-19 टीम के कप्तान पृथ्वी शॉ ने दिल्ली डेयरडेविल्स को कोलकाता के खिलाफ शानदार शुरुआत दिलाई।
नए कप्तान के साथ उतरी दिल्ली की लगातार फेल हो रही बल्लेबाजी में दम दिखा। पहले ओवर में सिर्फ तीन रन बटोरने वाली घरेलू टीम ने तीसरे ओवर तक स्कोर बोर्ड पर 31 रन टांग दिए थे। मुनरो आज रंग में दिखे। पारी के दूसरे ओवर की पांचवी गेंद पर छक्के के साथ मुनरो ने तेजी से रन बटोरना शुरू किया। अपना 200वां टी-20 खेल रहे पीयूष चावला के दूसरे और पारी के तीसरे ओवर में पहले मुनरो ने दो चौके लगाए उसके बाद शानदार लय में दिख रहे शॉ ने भी दो चौके जड़े। पांच ओवर तक दिल्ली ने दस रन प्रति ओवर की रफ्तार से 50 रन बना लिए थे। गेंदबाजी में बदलाव ने दिलाई सफलता केकेआर के कप्तान दिनेश कार्तिक ने इसके बाद गेंदबाजी में बदलाव कर शिवम मावी, मिचेल जॉनसन और आइपीएल के सफल ऑलराउंडरों में शामिल हो चुके सुनिल नरेन को आक्रामण पर लगाया। जॉनसन हालांकि रन रफ्तार रोकने में नाकाम रहे लेकिन मावी ने आते ही मुनरो को परेशान किया और अपने दूसरे ओवर में उन्हें पवेलियन का रास्ता दिखाया। मावी की 143 की रफ्तार से किए गए यार्कर को भांपने में मुनरो असफल रहे और क्लिन बोल्ड हुए।
शॉ बने शो-मैन : इस दौरान छोटे कद के पृथ्वी लगातार केकेआर के लिए लाइलाज रहे। उन्हें कोलकाता के किसी गेंदबाज को नहीं छोड़ा और शानदार बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंद में अर्धशतक पूरे किए। इस दौरान उन्होंने छह चौके के साथ एक छक्का भी जड़ा। दूसरी तरफ से नए कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी बखूबी जिम्मेदारी निभाई और शॉ को खेलने का पूरा मौका दिया। दोनों ने महज 34 गेंद में दूसरी विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी पूरी की। निर्भिकता से खेलते हुए शॉ ने 44 गेंद पर 62 रन की पारी खेली और चावला के शिकार पहले शिकार बने।