टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा को वर्तमान में दो खिलाड़ियों की बल्लेबाजी पसंद हैं। इनमें से एक खिलाड़ी इंग्लैंड का और दूसरा ऑस्ट्रेलिया का है। दोनों ही इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024)का हिस्सा नहीं हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भी नहीं खेलते दिखाई देंगे। रोहित शर्मा फिलहाल में आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस (MI)के लिए खेल रहे हैं। उन्होंने इस बीच मंगलवार को दुबई आई 103.8 रोडियो स्टेशन को इंटरव्यू दिया।

स्टेशन पर रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के ओपनर बल्लेबाज जैक क्रॉली और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ का नाम दो ऐसे खिलाड़ियों के रूप में लिया, जिन्हें वह वर्तमान में देखना पसंद करते हैं। रोहित ने कहा, ” मैंने इस सीजन में जैक क्रॉली को बहुत करीब से देखा और उन्हें बल्लेबाजी करते हुए देखने का आनंद लिया। मैंने स्टीव स्मिथ की बल्लेबाजी का भी आनंद लिया। हालांकि, वह बाकियों से अलग हैं। मेरा मतलब है कि उनमें चीजों से निपटने का खुद का ही तरीका है, लेकिन वह सफल हैं।”

जैक क्रॉली का रिकॉर्ड

26 वर्षीय क्रॉली मुख्य रूप से इंग्लैंड की टेस्ट टीम का हिस्सा हैं। इंग्लैंड के लिए 44 टेस्ट मैचों की 82 पारियों में उन्होंने 32.63 की औसत और 64.67 की स्ट्राइक रेट से 2,611 रन बनाए हैं, जिसमें चार शतक और 14 अर्द्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 267 है। उन्होंने इंग्लैंड के लिए आठ वनडे मैच भी खेले हैं, जिसमें दो अर्द्धशतक के साथ 199 रन बनाए हैं।

स्टीव स्मिथ का रिकॉर्ड

दूसरी ओर स्मिथ, ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज हैं, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 334 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 44 शतक और 79 अर्द्धशतक के साथ 16,225 रन बनाए हैं। उनका टेस्ट क्रिकेट में 56.97 की औसत से 9,685 रन हैं। उन्होंने 32 शतक और 41 अर्धशतक लगाए हैं। वह दो वनडे विश्व कप, एक टी20 विश्व कप और एक वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप जीतने वाली ऑस्ट्रेलिया टीम का हिस्सा हैं।