इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 का 51वां मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। मुंबई की कमान संभाल रहे कीरोन पोलार्ड ने गेंदबाजी चुनी है। दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी प्लेइंग इलेवन में 3 बदलाव किए हैं।

इस मैच से दिल्ली के प्रवीण दुबे ने अपना आईपीएल डेब्यू किया। पृथ्वी शॉ और हर्षल पटेल की भी वापसी हुई है। मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पंड्या को आराम दिया है। जेम्स पैटिनसन भी नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह जयंत यादव और नाथन कूल्टर नाइल प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बने हैं।

दिल्ली कैपिटल्स अंक तालिका में अभी तीसरे नंबर पर है, लेकिन उसकी प्लेऑफ की सीट अब तक पक्की नहीं हुई है। ऐसे में उसके लिए यह मुकाबला काफी अहम है। दिल्ली कैपिटल्स लगातार 3 मैच हारने के बाद दबाव में है। दूसरी ओर मुंबई के नियमित कप्तान रोहित शर्मा अनफिट हैं। उनकी जगह कीरोन पोलार्ड कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इस मैच में दोनों टीमें इन खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतरी हैं।

IPL 2020 Live Score, DC vs MI Live Cricket Score: यहां जानिए दिल्ली और मुंबई के बीच मैच का लाइव स्कोर

ये है दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन:

दिल्ली कैपिटल्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), शिमरॉन हेटमेयर, हर्षल पटेल, प्रवीण दुबे, मार्कस स्टोइनिस, कगिसो रबाडा, रविचंद्रन अश्विन, एनरिक नोर्त्जे।

IPL 2020 Live Cricket Score, DC vs MI Live Score: यहां देखिए दिल्ली और मुंबई के मैच की लाइव स्ट्रीमिं

मुंबई इंडियंस: कीरोन पोलार्ड (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, सौरभ तिवारी, क्रुणाल पंड्या, जयंत यादव, नाथन कूल्टर नाइल, राहुल चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रित बुमराह।

Live Blog

14:57 (IST)31 Oct 2020
अब तक फाइनल नहीं खेल पाई है दिल्ली कैपिटल्स

आईपीएल के 13 साल के इतिहास में मुंबई इंडियंस ने सबसे ज्यादा 4 बार (2019, 2017, 2015, 2013) खिताब जीता है। उसने आईपीएल 2019 के फाइनल में चेन्नई को 1 रन से हराया था। मुंबई ने अब तक पांच बार फाइनल खेला है। दिल्ली कैपिटल्स अकेली ऐसी टीम है, जो अब तक फाइनल नहीं खेल पाई है। दिल्ली टूर्नामेंट के शुरुआती दो सीजन (2008, 2009) में सेमीफाइनल तक पहुंची थी।

14:24 (IST)31 Oct 2020
यह है मैदान का रिकॉर्ड

दुबई के मैदान पर कुल 61 टी20 मैच हुए हैं। इनमें से पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 34 में बाजी मारी है। वहीं पहले गेंदबाजी करने वाली टीम ने 26 मैच जीते हैं। इस मैदान पर पहली पारी में टीम का औसत स्कोर 144 और दूसरी पारी में टीम का औसत स्कोर 122 रन रहा है।

14:08 (IST)31 Oct 2020
ये है दोनों टीमों की महंगे खिलाड़ियों की लिस्ट

दिल्ली कैपिटल्स में ऋषभ पंत 15 करोड़ और शिमरॉन हेटमेयर 7.75 करोड़ रुपए कीमत के साथ सबसे महंगे प्लेयर हैं। वहीं, मुंबई में कप्तान रोहित शर्मा 15 करोड़ और हार्दिक पंड्या 11 करोड़ रुपए कीमत के साथ सबसे महंगे प्लेयर हैं। हालांकि, इस मैच में रोहित शर्मा नहीं खेल रहे हैं।

14:08 (IST)31 Oct 2020
दिल्ली की गेंदबाजी ही नहीं बल्लेबाजी भी मजबूत है

दिल्ली की गेंदबाजी ही नहीं बल्लेबाजी भी मजबूत है, लेकिन पिछले कुछ मैचों में उसके लिए कुछ भी अच्छा नहीं रहा है। उसे सिर्फ हार ही मिली है। इसलिए अब जीत के रास्ते पर वापसी करना उसके लिए बेहद जरूरी हो गया है।

13:03 (IST)31 Oct 2020
हार्दिक पांड्या ने भी अपना रोद्र रूप दिखाया है, पोलार्ड और पांड्या के भाई क्रूणाल भी रन बना रहे हैं

ईशान को रोहित की गैर मौजूदगी में क्विंटन डी कॉक के साथ पारी की शुरूआत के लिए भेजा जा रहा है। यह युवा बल्लेबाज इसमें भी खरा उतरा है। हार्दिक पांड्या ने भी अपना रोद्र रूप दिखाया है। पोलार्ड और पांड्या के भाई क्रूणाल भी रन बना रहे हैं। लेकिन क्या दिल्ली की मजबूत गेंदबाजी के सामने यह सभी अपनी फॉर्म को जारी रख पाएंगे, वो भी तब जब दिल्ली प्लेऑफ में जाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंकने के लिए तैयार है।

12:09 (IST)31 Oct 2020
बल्लेबाजों ने रोहित की कमी महसूस नहीं होने दी है

मुंबई ने बीते तीन मैच बिना रोहित शर्मा के खेले हैं। उनकी जगह कीरन पोलार्ड ने शानदार कप्तानी की है और बाकी बल्लेबाजों ने रोहित की कमी महसूस नहीं होने दी है, खासकर ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने। सूर्यकुमार ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ जो पारी खेली थी उसने सूर्यकुमार को एक अलग जगह खड़ा कर दिया है।

11:34 (IST)31 Oct 2020
दिल्ली जीती तो लगभग प्लेऑफ में जगह बना लेगी

दिल्ली के 12 मैचों में 14 अंक हैं। मुंबई को मात दे उसके 16 अंक हो जाएंगे और वह भी लगभग प्लेऑफ में जगह बना लेगी। प्लेऑफ में भी जगह बनाने के बावजूद मुंबई इस मैच को हल्के में नहीं लेगी क्योंकि उसकी कोशिश शीर्ष-2 में रहते हुए लीग दौर का अंत करने को होगी। इससे फायदा यह होगा कि अगर वह प्लेऑफ में क्वालीफायर-1 में हार भी जाती है, तो उसे फिर क्वालीफायर-2 में खेलने का मौका मिलेगा, जिसे जीत वह फाइनल में जा सकती है।

10:51 (IST)31 Oct 2020
दिल्ली कैपिटल्स की राह नहीं आसान

मुंबई इंडियंस पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है। उसने इस सीजन अब तक 12 मैच खेले हैं। इसमें से उसने 8 जीते और 4 हारे हैं। दिल्ली कैपिटल्स ने इस सीजन अब तक 12 मैच खेले हैं। इनमें से 7 जीते और 4 हारे हैं। वह 14 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर है।

10:33 (IST)31 Oct 2020
यह भी जानें:आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाने के आरोप में तीन गिरफ्ता

इंडियन प्रीमियर लीग के मैचों में सट्टेबाजी में शामिल होने के आरोप में तीन लोगों को मुंबई के मुलुंड से गिरफ्तार किया गया है। अपराध शाखा के एक अधिकारी ने बताया कि अपराध खुफिया इकाई (सीआईयू) को मिली सूचना के बाद बृहस्पतिवार को मुलुंड में एक फ्लैट पर छापा मारा गया। उन्होंने बताया कि सीएसके और केकेआर के बीच हुए मैच में फ्लैट के अंदर तीन लोग अवैध सट्टेबाजी में लिप्त पाए गए। उन्होंने बताया कि 41 मोबाइल फोन, कई सिम कार्ड, एक स्मार्टफोन टैबलेट, दो लैपटॉप, ‘सिम कार्ड लाइन बॉक्स’ और 1.88 लाख रुपये नकद जब्त किए गए। एक अदालत ने उन्हें तीन नवंबर तक अपराध शाखा की हिरासत में भेज दिया। उन्होंने बताया कि भादंसं की विभिन्न धाराओं के तहत मुलुंड पुलिस स्टेशन में एक मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।