IPL 2020: आईसीसी वर्ल्ड कप 2019 के बाद से क्रिकेट से बाहर चल रहे महेंद्र सिंह धोनी की वापसी को लेकर फैंस काफी एक्साइटेड हैं। क्रिकेट प्रेमी अपने पसंदीदा विकेटकीपर के लौटने को लेकर बेहद खुश हैं। वे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हाल ही में धोनी के कमबैक की खबर आई है कि वे आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के साथ मैदान पर नजर आएंगे। इसी बीच उनका नया लुक भी सामने आया है। जैसा कि आप पहले भी नोटिस करते रहे हैं कि धोनी हमेशा ही आईपीएल शुरू होने से पहले अपने लुक में बदलाव करते हैं। अपने इस अंदाज के जरिए भी वे लोगों का ध्यान खूब खीचते हैं। इस बार भी क्रिकेट फैंस धोनी को बिल्कुल अलग अंदाज में देखेंगे।
जी हां, आईपीएल 2020 के दौरान धोनी मूछों वाले (Moustache) लुक में नजर आने वाले हैं। हालांकि इस बार उन्होंने अपनी हेयरस्टाइल में ज्यादा कुछ चेंज नहीं किया। इस बात की जानकारी धोनी की हेयरस्टाइलिस्ट सपना मोती भवनानी ने दी है। सपना ने अपने सोशल अकाउंट पर धोनी संग एक तस्वीर शेयर की है। उस तस्वीर में माही मोटी मूछों में नजर आ रहे हैं। कैप्शन में सपना ने लिखा, ”मेरे दोस्त बहुत खुशी होगी तुम्हे आईपीएल में खेलते देखते हुए। जल्द ही हम चेन्नई को देखेंगे।”
इसी के साथ सपना ने हैशटैग में न्यू हेयर, हैशटैग माही आ रहा है, #CSK #captainsaab #fungirl #yellowlove लिखा है। माही को इस अंदाज में देख फैंस उनके बदले रूप की खूब तारीफ कर रहे हैं। तमाम यूजर ने लिखा है, अब इंतजार नहीं होता, जल्द आओ माही और धमाल मचाओ।
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स का पहला मुकाबला 29 मार्च को मुंबई इंडियंस से होने वाला है। यह सीजन का पहला मुकाबला है। लंबे समय के बाद फिर से मैदान पर लौट रहे धोनी से आईपीएल में अच्छे प्रदर्शन करने की उम्मीद है। पिछले साल लंबे समय तक धोनी अपने संन्यास की खबरों को लेकर भी सुर्खियों में रहे।
इस साल धोनी को BCCI केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची से भी बाहर कर दिया था। हालांकि अब फैंस धोनी को आईपीएल में देखने के लिए क्रेजी दिख रहे हैं। सोशल मीडिया पर इन दिनों धोनी इज बैक काफी छाया हुआ है।
