IPL 2019: आईपीएल के 12वें सीजन में रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स ने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स को 8 रन से हरा दिया। इस सीजन चेन्नई की ये लगातार तीसरी जीत है। चेन्नई की इस जीत में सबसे बड़ा योगदान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का रहा। धोनी ने 46 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्के की मदद से नाबाद 75 रन की पारी खेली। आईपीएल में ये उनका 21वां अर्धशतक है। इस दौरान धोनी की किस्मत ने भी उनका बखूबी साथ दिया।
दरअसल, चेन्नई सुपर किंग्स की पारी का छठा ओवर चल रहा था, जिसमें जोफ्रा आर्चर गेंदबाजी कर रहे थे और स्ट्राइक पर एमएस धोनी खड़े थे। इस बीच ओवर की चौथी गेंद को धोनी ने डिफेंसिव खेला, लेकिन गेंद उनके बल्ले से लगने के बाद उनके जूते में लगी और फिर सीधे स्टंप से टकरा गई। दिलचस्प बात ये रही कि स्टंप पर गेंद लगने के बावजूद गिल्लियां नहीं गिरी, जिस वजह से धोनी को आउट नहीं दिया गया। जिस किसी ने भी ये दृश्य देखा वो धोनी की किस्मत की तारीफ किए बिना नहीं रह सका।
WATCH: Thala Dhoni effect? When even bails refused to fall
https://t.co/ccTyMBLToc #CSKvRR
— IndianPremierLeague (@IPL) March 31, 2019
बता दें कि जिस वक्त यह घटना घटी उस समय धोनी शून्य पर खेल रहे थे और अगर धोनी इस गेंद पर आउट हो जाते तो चेन्नई के लिए ये काफी खतरनाक हो सकता था। इस मैच में एमएस धोनी ने राजस्थान के खिलाफ 36 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उनकी इस पारी के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवर में 175 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स 8 विकेट पर 167 रन ही बना सकी। चेन्नई की ओर से ड्वेन ब्रावो, इमरान ताहिर, शार्दुल ठाकुर और दीपक चहर ने दो-दो विकेट लिए।

