IPL 2019 MI vs CSK: मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले गए मैच के दौरान मुंबई के ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने चेन्नई के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी। पांड्या ने पोलार्ड के साथ आतिशी बल्लेबाजी करते हुए आखिरी दो ओवर में 45 रन बनाए। पांड्या ने 8 गेंदों में तीन छक्के और एक चौके की मदद से 25 रन बनाए। पांड्या इतने आक्रामक दिख रहे थे कि कोई भी गेंदबाज उन्हें आउट नहीं कर पा रहा था। तभी चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने पांड्या को आउट करने के लिए कुछ ऐसा किया जिसके बाद दोनों खिलाड़ी एक दूसरे को देखकर हसने लगे।
19वे ओवर कि दूसरी गेंद पर पांड्या ने शार्दुल ठाकुर कि गेंद को स्क्वायर पर खेला। डीप में फील्डिंग कर रहे इमरान ताहिर ने गेंद उठाकर सीधा विकेटकीपर धोनी के पास फेंकी। धोनी ने गेंद को कैच किया और धीरे से पिच पर धकेल दिया। एक रन पूरा कर चुके पांड्या को लगा की यह ओवर थ्रो है और वे दूसरा रन लेने के लिए दौड़ पड़े। पांड्या के शिकार की तलाश में धोनी ने दौड़ लगाकर गेंद को उठाया और उन्हें रनआउट करने की कोशिश की। धोनी को उनकी तरफ आता देख पांड्या वापस क्रीज़ पर लौट गए और हसने लगे। इस मैच में पांड्या ने बल्ले के अलावा गेंद से भी शानदार प्रदर्शन किया है। पांड्या ने निर्धारित 4 ओवर में 20 रन देकर 3 विकेट चटकाए। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए पांड्या को मैन ऑफ़ दा मैच भी चुना गया।
बुधवार को खेले गए इस मैच में मुंबई ने सूर्यकुमार यादव (59) और क्रुणाल पांड्या (42) के अलावा अंत में हार्दिक पांड्या (25) और केरन पोलार्ड (17) की आतिशी पारी के दम पर 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए थे। चेन्नई की टीम पूरे ओवर खेलने के बाद आठ विकेट खोकर 133 रन ही बना सकी। इस मैच में मुंबई ने खेल के तीन विभागों में चेन्नई को मात दी। उसने शानदार बल्लेबाजी के बाद सटीक गेंदबाजी और बेहतरीन फिल्डिंग के दम पर जीत हासिल की। इस जीत के साथ मुंबई अंकतालिका में एक स्थान ऊपर आ गया है। मुंबई अब छठे स्थान पर है वहीं चेन्नई सुपर किंग्स अब भी शीर्ष पर बना हुआ है।

