आईपीएल 2019 में खिलाड़ियों ने क्रिकेट प्रेमियों को कई ऐसे यादगार लम्हें दिए हैं जिन्हें वह हमेशा अपने जहन में रखना चाहेंगे। बीते दिनों रॉयल चेलेजर्स बैंगलोर के खिलाड़ी एबी डिविलियर्स ने एक हाथ से सिक्स मारा था जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। लेकिन अब चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी एक हाथ से सिक्स जमाकर फैन्स को झुमने पर मजबूर कर दिया।

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में आईपीएल के 50वें मैच में धोनी ने यह कारनामा किया। 18वें ओवर की पाचंवी गेंद पर क्रिस मॉरिस की गेंद पर उन्होंने यह सिक्स जड़ा। उनके साथ दूसरे छोर पर अंबाती रायडू मौजूद थे। जब मॉरिस ने धोनी की तरफ गेंद फेंकी तो यह उनके मुंह के पास आ रही थी ऐसे में खुद को बचान के लिए धोनी ने एक हाथ से सिक्स जड़ दिया। अगर वह ऐसा नहीं करते तो गेंद उन्हें लग सकती थी और उन्हें चोट भी आ सकती थी। हालांकि इसके बाद क्रिस मॉरिस उनके पास पहुंचे औ धोनी के सामने अपनी गेंद के लिए खेद प्रकट किया।

बता दें कि इस मैच में 37 वर्षीय धोनी ने 22 गेंदों में 44 रनों की पारी खेली। उनकी इस पारी में चार चौक्के और तीन छक्के शामिल थे। सीएसके ने इस मैच में चार विकेट खोकर 179 रन बनाए। वहीं जवाब में टारगेट का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम महज 16.2 ओवर खेलकर 99 रन पर ही ढेर हो गई।

चेन्नई ने इस सीजन में अबतक 13 मैच खेले हैं जिनमें उसे 9 में जीत हासिल हुई है और वह 18 प्वाइंट्स के साथ टॉप पर काबिज है। वहीं दूसरे स्थान पर दिल्ली कैपिटल्स है जिन्होंने 13 मैच में से 8 मैच जीते हैं। दिल्ली के कुल 16 अंक हैं।